20 हजार का इनामी बदमाश घल्लो गुर्जर गिरफ्तार, जमीन विवाद में गोलीबारी कर चल रहा था फरार
मुखबिर की सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर थाटीपुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आखिरकार उसे दबोच लिया।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 12:46:54 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 12:47:20 PM (IST)
HighLights
- थाटीपुर थाना पुलिस को मिली सफलता
- घटनास्थल और क्षेत्र में निकाला जुलूस
- मुखबिर और सर्विलांस से पकड़ा गया
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। थाटीपुर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश घल्लो गुर्जर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद इलाके में उसका जुलूस भी निकाला, ताकि अपराधियों के मन में कानून का डर और जनता में सुरक्षा का भाव पैदा हो सके।
सनसनीखेज वारदात से इलाके में फैल गई थी दहशत
आरोपी घल्लो गुर्जर ने कुछ समय पहले एक जमीन विवाद को लेकर सरेआम गोलियां चलाई थीं। इस सनसनीखेज वारदात से स्थानीय इलाके में भारी दहशत फैल गई थी।
घटना को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी लगातार पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था और फरार चल रहा था।
आरोपी के गिरफ्तारी न होने के कारण पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी थी और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर थाटीपुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर आखिरकार उसे दबोच लिया।
लोगों की जमा हो गई भीड़
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल व संबंधित क्षेत्र में घुमाया, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।