ग्वालियर में आज से यंग थिंकर्स फोरम का आगाज, 26 राज्यों के 300 युवा जुटेंगे, सीएम करेंगे शुभारंभ
सम्मेलन का शुभारंभ शुक्रवार दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। मुख्यमंत्री आयोजन में करीब डेढ़ घंटे तक मौजूद रहेंगे।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 02:15:06 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 02:16:12 PM (IST)
HighLights
- भारतवर्ष के पुनर्जागरण पर होगा वैचारिक मंथन
- ज्योतिरादित्य सिंधिया और पीयूष मिश्रा करेंगे संवाद
- एआइ कार्यशाला और हेरिटेज वॉक भी होगी आयोजित
डिजिटल टीम, ग्वालियर। ग्वालियर में शुक्रवार से देशभर के युवा विचारकों का वैचारिक समागम शुरू होने जा रहा है। यंग थिंकर्स फोरम के आठवें सम्मेलन में 26 राज्यों के 300 चयनित युवा 'भारतवर्ष का पुनर्जागरण' विषय पर भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, इतिहास और समकालीन वैश्विक चुनौतियों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। सम्मेलन का शुभारंभ शुक्रवार दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। मुख्यमंत्री आयोजन में करीब डेढ़ घंटे तक मौजूद रहेंगे।
उद्घाटन सत्र के बाद होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
उद्घाटन सत्र के बाद पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। वहीं, शनिवार से सम्मेलन का विधिवत वैचारिक सत्र शुरू होगा, जिसमें पद्मश्री डॉ. भरत गुप्त, पीयूष मिश्रा सहित 16 प्रतिष्ठित वक्ता विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शनिवार को युवाओं से संवाद करेंगे।
सम्मलेन में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे
तीन दिवसीय सम्मेलन में कुल 11 सत्र आयोजित होंगे। इनमें भारतीय सभ्यता के बौद्धिक आधार, अध्यात्म, विज्ञान, वैश्विक राजनीति, नैरेटिव वॉर और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। आयोजन में पुस्तक विमोचन, लेखकों से संवाद, पुस्तक प्रदर्शनी, युवा कलाकारों की प्रस्तुतियां और भारतीय विरासत पर आधारित विशेष प्रदर्शनियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के दौर में कंटेंट निर्माण, मंदिर कला और डिजिटल माध्यमों में नैरेटिव जैसे विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। 23 नवंबर को प्रतिभागियों के लिए बटेश्वर, मितावली और पड़ावली की हेरिटेज वॉक भी होगी। इसके माध्यम से युवा क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत से रूबरू होंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय विचार परंपरा से जोड़ना और देश-दुनिया के बदलते परिदृश्य पर स्वतंत्र चिंतन, वैचारिक विमर्श तथा सार्थक संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराना है।