बायोमेडिकल वेस्ट फेंकने वाले 40 चिकित्सा संस्थान जांच के दायरे में, ग्वालियर नगर निगम ने की कार्रवाई की मांग
नगर निगम के निरीक्षण में कई स्थानों पर मेडिकल वेस्ट के साथ अस्पतालों और फार्मेसी के बिल भी मिले हैं, जिनसे इसके स्रोत का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 09:40:29 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 09:41:13 AM (IST)
जेएएच परिसर में स्थित बायोमेडिकल संग्रहण स्थल पर पड़ा वेस्ट का फाइल फोटो।HighLights
- निगम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजी सूची
- जांच में मिले अस्पतालों और फार्मेसी के बिल
- संयुक्त निरीक्षण कर दोषियों पर होगी कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में खुले में बायोमेडिकल वेस्ट फेंके जाने के मामलों को लेकर नगर निगम ने सख्ती दिखाई है। निगम ने 40 अस्पतालों, नर्सिंग होम और चिकित्सा संस्थानों की सूची प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। निगम के निरीक्षण में कई स्थानों पर मेडिकल वेस्ट के साथ अस्पतालों और फार्मेसी के बिल भी मिले हैं, जिनसे इसके स्रोत का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
निगम ने की कार्रवाई की मांग
निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पत्र लिखकर चिह्नित स्थानों का संयुक्त निरीक्षण कराने की मांग की है। निरीक्षण में वार्ड 45 के हॉस्पिटल रोड और गीता कॉलोनी, वार्ड 56 के जेएएच परिसर, कैंसर अस्पताल रोड, आमखो, वार्ड 55 के गुड़ा-गुड़ी का नाका स्थित लिटिल एंजेल स्कूल के पास और वार्ड तीन के विनय नगर सेक्टर-1 में गुर्जर नर्सिंग होम के पास बायोमेडिकल वेस्ट मिला।
बिलों की प्रतियां भी मिली
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर मेडिकल कचरे के साथ अस्पतालों और फार्मेसी के बिलों की प्रतियां भी मिली हैं। निगम ने आसपास संचालित 40 चिकित्सा संस्थानों की सूची बोर्ड को भेजी है, ताकि संयुक्त जांच कर यह पता लगाया जा सके कि खुले में मेडिकल वेस्ट कौन फेंक रहा है। सूची में जेएएच क्षेत्र के आसपास के चिकित्सा संस्थानों सहित विभिन्न अस्पताल, क्लीनिक और डायग्नोस्टिक सेंटर शामिल हैं।
अपर आयुक्त ने पत्र में बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स 2016 और उसके संशोधनों का हवाला देते हुए कहा है कि मेडिकल कचरे का पृथक्करण, संग्रहण और निर्धारित प्रक्रिया से निस्तारण संबंधित संस्थान की जिम्मेदारी है।
इसे खुले में फेंकना आम नागरिकों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए खतरा है। निगम ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संयुक्त निरीक्षण कर दोषी संस्थानों की पहचान और नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।