
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में आने वाले ट्रांसपोर्ट नगर में सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कैल्शियम कार्बाइड का बड़ा स्टॉक पकड़ा है। राजा स्टील नाम की हार्डवेयर दुकान पर ड्रमों में 600 किलो कैल्शियम कार्बाइड रखा मिला। इतनी बड़ी मात्रा देखकर अधिकारी भी चौंक गए। मौके पर पूछताछ करने पर कैल्शियम कार्बाइड बेचने और स्टॉक रखने का कोई लाइसेंस नहीं मिला।
कार्रवाई के दौरान SDM ग्वालियर सिटी प्रदीप शर्मा, CSP कृष्णपाल सिंह और TI बहोड़ापुर आलोक सिंह परिहार ने मौके का निरीक्षण कर तलाशी ली। पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया गया और कलेक्टर के प्रतिबंधात्मक आदेश के तहत पुलिस ने संचालक के खिलाफ FIR दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बता दें कि जिले में दीपावली एवं अन्य उत्सवों के दौरान कार्बाइड गन, पोटाश गन, बोटल फ्लैशर लैंप सहित अन्य खतरनाक उपकरणों और विस्फोटक सामग्री के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय एवं उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट रुचिका चौहान ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 एवं अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह संशोधित आदेश जनहित में दीपावली एवं अन्य उत्सवों के दौरान कार्बाइड गन, पोटाश गन और बोटल फ्लैशर लैंप के साथ अन्य खतरनाक, हानिकारक तथा ध्वनि एवं वायु प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों के उपयोग को प्रभावी ढंग से रोकने के उद्देश्य से जारी किया गया है। जिस राजा स्टील प्रतिष्ठान पर छापा मारा गया, उसे रिंकेश पथरेजा संचालित करते हैं।
कैल्शियम कार्बाइड का उपयोग मुख्य रूप से फैब्रिकेशन और वेल्डिंग कार्य में किया जाता है, जिसकी औद्योगिक तौर पर सप्लाई भी होती है। इसके अलावा फल पकाने में भी इसका पाउडर के रूप में इस्तेमाल होता है। पिछले साल कार्बाइड गन में इसके इस्तेमाल से मानव शरीर को नुकसान पहुंचने के मामले सामने आए थे, विशेषकर आंखों को यह ज्यादा नुकसान पहुंचाता है।
इसकी लाइसेंसिंग को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। रिंकेश पथरेजा के पास फिलहाल कोई लाइसेंस नहीं मिला है, लेकिन अधिकारियों के अनुसार इसकी सप्लाई आमतौर पर होती है। वर्तमान में जिला प्रशासन के प्रतिबंधात्मक आदेश के कारण जब्ती और मामला दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने गिरवाई इलाके में अजय कुशवाह के मकान से 12 लाख रुपये की आतिशबाजी जब्त की है। यहां किराए से रहने वाले नीरज शाक्य और बाबूलाल कुशवाह ने इस आतिशबाजी की सूचना दी थी।
बरामद माल में तनी बोरी स्काई शॉट, तीन कार्टन स्पेशल शॉट, मुर्गा ब्रांड के सात कार्टन, तीस शॉट वाले दस कार्टन, 90 शॉट वाला एक कार्टन, इसके अलावा कई अन्य तरह के आतिशबाजी आइटम बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच तेज कर दी है।
ट्रांसपोर्ट नगर में कैल्शियम कार्बाइड का स्टाक पकड़ा गया है जो कार्बाइड गन में उपयोग किया जाता है। पुलिस के साथ संयुक्त रूप से पूरे स्टाक को जब्त कर कार्रवाई की जा रही है।
-प्रदीप शर्मा, एसडीएम,ग्वालियर सिटी