झांकी दिखाने के बहाने 14 साल के किशोर की बलि देने की कोशिश, गले और सिर पर चाकू से ताबड़तोड़ 9 वार
गंभीर रूप से घायल बच्चा होश आने पर किसी तरह पैदल अपने घर पहुंचा, जिसके बाद स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 07:16:59 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 07:36:58 PM (IST)
वह बच्चा जिसकी बलि देने की कोशिश की गई। वीडियाग्रेबHighLights
- झांकी दिखाने के बहाने ले गया जंगल
- चाकू से ताबड़तोड़ किए नौ वार
- होश में आने पर घर पहुंचा मासूम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के करहिया थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पड़ोसी युवक ने 14 साल के नाबालिग बच्चे को माता की झांकी दिखाने के बहाने जंगल में ले जाकर उसकी बलि देने की कोशिश की। सिरफिरे ने बच्चे पर चाकू से ताबड़तोड़ नौ वार किए और मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल बच्चा होश आने पर किसी तरह पैदल अपने घर पहुंचा, जिसके बाद स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
करहिया थाना क्षेत्र के गोलेश्वर मंदिर के जंगल की है घटना
घटना 18 अक्टूबर की करहिया थाना क्षेत्र के गोलेश्वर मंदिर के जंगल की है। रिठौदन गांव निवासी मनीष रावत का 14 वर्षीय बेटा निशांत रावत घर पर था। आरोप है कि उसका पड़ोसी विक्की गौड़ उसे बाइक पर बैठाकर माता की झांकी दिखाने के बहाने गोलेश्वर की पहाड़ी पर ले गया।
आरोपी बोला- मैं तुम्हारी बलि देना चाहता हूं
पहाड़ी के पास जंगल में पहुंचने पर जब निशांत ने वहां आने की वजह पूछी, तो आरोपी ने जो कहा उससे कहा- मैं तुम्हारी बलि देना चाहता हूं। इसके बाद उसने तुरंत चाकू निकालकर निशांत पर हमला कर दिया। निशांत पर उसने चाकू से ताबड़तोड़ नौ वार किए। मरणासन्न हाल में छोड़कर भाग गया। चाकू लगने से वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
मरा समझकर भाग निकला आरोपी
आरोपी उसे मरा समझकर भाग निकला। आरोपी ने निशांत के गले पर चार बार, माथे और शरीर के अन्य हिस्सों पर कुल नौ बार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान आरोपी का चाकू भी टूट गया। वहीं घायल निशांत ने बताया कि हमले के दौरान आरोपी विक्की ने उससे कहा था कि उसकी बलि देने के बाद वह उसके भाई और रामबरन की भी बलि देकर उनकी हत्या करेगा।
होश आने पर घर पहुंचा मासूम
देर रात जब निशांत को होश आया, तो उसने हिम्मत जुटाई और खून से लथपथ हालत में पैदल ही जंगल से बाहर निकलकर अपने घर पहुंचा। बेटे की यह हालत देखकर स्वजन डर गए। तुरंत उसे अस्पताल लेकर भागे। जब उसकी हालत में सुधार आया तब एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है।
आरोपी ने किशोर पर चाकू से हमला किया है। इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी जल्द ही पकड़ा जाएगा। इसके बाद स्पष्ट होगा कि उसने ऐसा क्यों किया। - जयराज कुबेर, एएसपी