ग्वालियर के डिप्टी डायरेक्टर के भोपाल स्थित घर से चोरों ने उड़ाई लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक, सूने मकान को बनाया निशाना
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 10:01:48 AM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 10:04:48 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- फार्म हाउस गए थे अधिकारी, घर में ताला तोड़कर चोरी
- अलमारी में रखी 12 बोर की बंदूक गायब मिली
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच शुरू
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर/ भोपाल। भोपाल के अवधपुरी इलाके में चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर ग्वालियर में पदस्थ उप अभियोजन निदेशक (डीडीपी) रामेश्वर कुमरे की लाइसेंसी 12 बोर की दो नाली बंदूक चोरी कर ली। बंदूक की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उप अभियोजन निदेशक की पत्नी सिवनी में हैं स्टेनो
पुलिस के अनुसार 53 वर्षीय रामेश्वर कुमरे वर्धमान ग्रीन वैली एक्सटेंशन अवधपुरी में रहते हैं और वर्तमान में ग्वालियर में पदस्थ हैं। 18 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे वह भोपाल स्थित मकान में ताला लगाकर रायसेन जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने फार्म हाउस चले गए थे।
सूचना मिलने पर 25 अक्टूबर को भोपाल लौटकर उन्होंने घर में सामान की जांच की तो अलमारी में रखी लाइसेंसी बंदूक गायब मिली। इसके बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। रामेश्वर की पत्नी सिवनी में स्टेनो हैं।
उनका बेटा टेकनपुर में बीएसएफ में सब-इंस्पेक्टर है, जबकि बेटी भोपाल में रहकर नेशनल ला इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनएलआईयू) में पढ़ाई कर रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।