बेकाबू ट्रक ने 25 वर्षीय युवक को रौंदा, मौके पर मौत; डेढ़ घंटे सड़क पर पड़ा रहा शव
Gwalior Road Accident: हादसे के बाद सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि मृतक का शव करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। न तो 108 एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस।...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 07 Aug 2026 09:18:00 AM (IST)Updated Date: Fri, 07 Aug 2026 09:18:23 AM (IST)
HighLights
- ग्वालियर में देर रात दर्दनाक हादसा
- सीसीटीवी फुटेज से आरोपी चालक की तलाश
- परिजनों ने लगाया जाम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। हजीरा थाना क्षेत्र के तानसेन रोड पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक भीषण हादसा हुआ। पाताली हनुमान मंदिर के पास तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने 25 वर्षीय युवक विशाल को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
न तो 108 एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस और पड़ा रहा शव
हादसे के बाद सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि मृतक का शव करीब डेढ़ घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा। न तो 108 एंबुलेंस पहुंची और न ही पुलिस। मृतक की पहचान विशाल पुत्र निवासी लक्ष्मणपुरा, पड़ाव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विशाल रात करीब 11 बजे किसी काम से तानसेन रोड से गुजर रहा था, तभी हजीरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार बहुत तेज थी और चालक नशे में प्रतीत हो रहा था। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत 108 और पुलिस को सूचना दी, लेकिन डेढ़ घंटे तक कोई मदद नहीं पहुंची। इससे गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने तानसेन रोड पर जाम लगा दिया, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची
जाम की सूचना पर सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार और हजीरा थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और आरोपी चालक को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तानसेन रोड पर रात में भारी वाहनों की बेरोकटोक आवाजाही से हादसे का खतरा बना रहता है।