पटाखा फटने से 9 साल की बच्ची झुलसी, चेहरा और दायां हाथ जला, जेएएच में भर्ती
बच्ची को उपचार के लिए जेएएच के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है।
Publish Date: Tue, 03 Nov 2026 02:15:24 PM (IST)Updated Date: Tue, 03 Nov 2026 02:15:45 PM (IST)
HighLights
- खेलते वक्त हुआ हादसा
- निजी क्लीनिक से जेएएच रेफर
- बर्न यूनिट में चल रहा इलाज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जवाहर कॉलोनी निवासी 9 साल की हया कुरैशी पटाखा फटने से झुलस गई। हादसे में उसका चेहरा और दायां हाथ आग की चपेट में आ गया। बच्ची करीब 10 से 15 प्रतिशत तक झुलसी है। उसे उपचार के लिए जयाआरोग्य अस्पताल (जेएएच) के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है।
स्वजन पहले निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे, बाद में जेएएच
29 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे हया अपने पड़ोस में खेल रही थी। इसी दौरान पटाखे में विस्फोट होने से वह आग की चपेट में आ गई। हादसे के बाद पड़ोसियों ने बच्ची को बचाया।
स्वजन पहले उसे एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे जेएएच ले जाया गया।
यहां ट्रामा सेंटर के माध्यम से 29 अक्टूबर को शाम करीब 5:30 बजे बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया। डाक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
रास्ते को लेकर विवाद गोली चलाने का आरोपी पकड़ा
उधर, आरोन क्षेत्र में रास्ते को लेकर हुए विवाद में मारपीट और हवाई फायर करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कट्टा भी बरामद कर लिया है।
फरियादी हरिओम सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अक्टूबर को हार्वेस्टर से फसल कटाई के दौरान रास्ते को लेकर उपजे विवाद में बृजेंद्र रावत व उसके साथियों ने लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से हवाई फायर किए।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और आरोपित की तलाश शुरू की। बृजेंद्र रावत को करई तिराहा से पकड़ लिया गया है। उसके पास से कट्टा भी मिला है।