2.50 लाख में तय हुआ कार का सौदा, ट्रायल के बहाने लेकर भागा युवक; पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 11 Sep 2026 06:14:36 PM (IST)Updated Date: Fri, 11 Sep 2026 06:15:05 PM (IST)
HighLights
- कार खरीदने के बहाने चाबी ली
- सागरताल रोड पर मिला आरोपी
- आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर इलाके में कार खरीदने के नाम पर एक युवक कार लेकर गया। कार लेकर फरार हो गया और कुछ दिन में भुगतान करने की बात कही। जब कार मालिक ने बार-बार रुपये मांगे तो युवक ने धमकाना शुरू कर दिया।
मारपीट तक कर दी। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
फिरोज ने ट्रायल के लिए कार की मांगी चाबी और ले गया
गिरवाई का रहने वाला तिरुपति नागर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार यूपी 16 एफटी 8123 बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। बहोड़ापुर इलाके में रहने वाले उसके दोस्त फिरोज उर्फ गुड्डू खान ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वालो राजा कुरैशी को कार चाहिए। वह कार लेकर पहुंच गया। 2.50 लाख रुपये में कार का सौदा तय हो गया। कार की ट्रायल लेने के बहाने उसने चाबी मांगी। इसके बाद कार लेकर चला गया।
फिरोज 3 घंटे तक कार लेकर नहीं आया
करीब तीन घंटे तक वह कार लेकर नहीं आया। उसने कॉल भी नहीं उठाए। कुछ देर बाद कॉल आया और बोला कि तीन दिन में भुगतान कर देगा। फिरोज के कहने पर तिरुपति नागर मान गया। तीन दिन बाद जब भुगतान के लिए कॉल किया तो उसने फोन नहीं उठाया। फिर वह उसे ढूंढते हुए घर पहुंचा। यहां से गायब मिला। सागरताल रोड पर वह मिल गया। यहां उसने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट कर दी। इसके बाद फरियादी थाने पहुंचा और एफआईआर दर्ज कराई।