ग्वालियर में कार से 3 गाड़ियों को मारी टक्कर, लोगों ने पीछा कर ड्राइवर को दबोचा
आरोपी कार ड्राइवर ने अपना नाम सुंदरम पाल निवासी दतिया बताया। उसने बताया कि कार भाई सौरभ बघेल के नाम पर है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 08:31:02 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 08:56:35 AM (IST)
टक्कर मारने के बाद तेज रफ्तार में जाती कार l वीडियो ग्रेबHighLights
- स्कूटर सवार को टक्कर, भागते हुए ऑटो-एक्टिवा में भिड़ी
- घायल युवक पर कार चढ़ाने की कोशिश, बाल-बाल बचे
- चेतकपुरी पर लोगों ने दबोचा, कार जब्त और केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिना नंबर की सफेद नेक्सोन कार के ड्राइवर ने सोमवार दोपहर सड़क पर उत्पात मचा दिया। नदी गेट पर स्कूटर सवार को टक्कर मारी और फिर भागते हुए रास्ते में ऑटो और एक्टिवा को भी चपेट में ले लिया। इसके बाद पीछा कर रहे घायल युवक पर भी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। आखिरकार, लोगों ने पीछा कर चेतकपुरी पर आरोपी को कार सहित दबोच लिया और थाने ले आए।
इंदरगंज थाने में केस दर्ज
रात में शिकायतकर्ता सामने आने के बाद इंदरगंज थाने में मामला दर्ज किया है। पुलिस का भी वीडियो वायरल हुआ है जिसमें कार को गोला का मंदिर थाने ले जाया जा रहा है।
पहले संतोष के स्कूटर में मारी टक्कर, हाथ-पैर में आई चोट
झांसी रोड थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरोदी निवासी संतोष जाटव सोमवार शाम स्कूटर से शिंदे की छावनी से घर लौट रहे थे। नदी गेट स्थित बुलेट शोरूम के पास फूलबाग की तरफ से आ रही बिना नंबर की सफेद कार ने स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में संतोष सड़क पर गिर पड़े। उनके दाहिने हाथ और पैर में चोट आई। टक्कर के बाद ड्राइवर कार लेकर महल की तरफ भागा।
बाद में कार एक ऑटो और दूसरी एक्टिवा में भिड़ी
रास्ते में एक ऑटो और दूसरी एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। घायल होने के बावजूद संतोष ने स्कूटर से कार का पीछा शुरू कर दिया। यह देखकर आरोपी ड्राइवर ने कार तेजी से उनकी तरफ मोड़ दी। संतोष ने फुर्ती दिखाते हुए स्कूटर साइड में किया और जैसे-तैसे जान बचाई।
चेतरपुरी चौराहे पर कार ड्राइवर पकड़ा
इंदरगंज की तरफ भागते हुए कार ने बिजली घर के गेट के पास सोनू कुशवाह की एक्टिवा को भी टक्कर मार दी। सोनू के दाहिने हाथ और पैर में चोट आई। संतोष, सोनू और अन्य स्थानीय लोगों ने कार का पीछा किया। चेतकपुरी चौराहे पर ड्राइवर को पकड़ लिया और इंदरगंज थाने ले आए। आरोपी ने अपना नाम सुंदरम पाल निवासी दतिया बताया। उसने बताया कि कार भाई सौरभ बघेल के नाम पर है। इंदरगंज पुलिस ने मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है।