ग्वालियर में शिवपुरी हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने सिपाही को मारी टक्कर, हालत गंभीर; आरोपी की तलाश
पुलिस लाइन के रहने वाले कौशलेंद्र सिंह तोमर पनिहार थाने में पदस्थ हैं।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 09:00:26 AM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 10:35:10 AM (IST)
घायल आरक्षक को अस्पताल में देखने पहुंचे पुलिस अधिकारी। नईदुनियाHighLights
- चिरवाई नाका के पास हुआ हादसा
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
- अस्पताल पहुंचे प्रभारी एसपी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शिवपुरी हाईवे पर चिरवाई नाका के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार पुलिस आरक्षक (सिपाही) को टक्कर मार दी। हादसे में सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है।
पुलिस लाइन के रहने वाले हैं कौशलेंद्र
पुलिस लाइन के रहने वाले कौशलेंद्र सिंह तोमर पनिहार थाने में पदस्थ हैं। आधिकारिक काम के सिलसिले में जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) आए थे। काम पूरा होने के बाद अपनी बाइक से वापस पनिहार थाना लौट रहे थे। जब उनकी बाइक चिरवाई नाका के पास पहुंची, तभी एक अनियंत्रित वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
आरोपी चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल सिपाही को तुरंत साईं बाबा मंदिर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही पुलिस हादसे के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। चिरवाई नाका और उसके आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन का नंबर ट्रेस किया जा सके।
अस्पताल पहुंचे प्रभारी एसपी
रात में ही प्रभारी पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर निजी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल सिपाही का हालचाल जाना और डाक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उनका कहना है कि टक्कर मारने वाले आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।