कै. रूपसिंह स्टेडियम के पास पिस्टल लहराने वाला बदमाश गिरफ्तार, कट्टा और कारतूस बरामद
ग्वालियर क्राइम समाचार: ऑपरेशन ईगल के तहत भी पुलिस ने कार्रवाई की है। इसमें एक बदमाश को कट्टे के साथ पकड़ा है।
Publish Date: Sat, 12 Sep 2026 07:34:32 PM (IST)Updated Date: Sat, 12 Sep 2026 07:35:06 PM (IST)
HighLights
- युवती की दोस्ती पर हुआ था विवाद
- सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
- ऑपरेशन ईगल में कट्टे के साथ दूसरा आरोपी गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। तीन दिन पहले रूपसिंह स्टेडियम के पास झगड़े में पिस्टल लहराने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास से पिस्टल और राउंड बरामद हुए हैं। पुलिस अभी और पूछताछ कर रही है।
युवती से दोस्ती को लेकर दो पक्षों में हुई थी मारपीट
युवती से दोस्ती को लेकर रूपसिंह स्टेडियम के पास दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान सुमित चौहान पुत्र जगदीश चौहान निवासी श्रीराम विहार, बहोड़ापुर ने पिस्टल निकाल ली थी। पिस्टल लहराते हुए उसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ था।
सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि यूनिवर्सिटी थाने की टीम को आरोपितों की तलाश में लगाया था। सुमित चौहान विवेकानंद नीडम पुल के पास मिल गया। वह घर से गायब था। उसके पास से पिस्टल बरामद हो गई है।
कोटेश्वर मंदिर के पास पुलिस ने कट्टे के साथ पकड़ा बदमाश
ऑपरेशन ईगल के तहत भी पुलिस ने कार्रवाई की है। इसमें एक बदमाश को कट्टे के साथ पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी का नाम क्रिश उर्फ क्रिशु पुत्र राजेश टुंडेलकर उम्र 18 वर्ष निवासी राजाजी का बाड़ा, काशी नरेश की गली है। वह दोस्तों में रौब दिखाने के लिए कट्टा रखता था। इंटरनेट मीडिया पर उसने फोटो भी अपलोड की थी।