ग्वालियर के सिविल अस्पताल में डॉक्टर की शर्मनाक करतूत, सीने में दर्द का इलाज कराने आई नाबालिग से छेड़छाड़
किशोरी को उसके स्वजन ग्वालियर थाने लेकर पहुंचे और डॉक्टर सुरेंद्र शाक्य के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 09:13:45 AM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 09:14:25 AM (IST)
HighLights
- इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी पर था आरोपी डॉक्टर
- परिजनों ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई एफआईआर
- पुलिस खंगाल रही अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के हजीरा स्थित सिविल अस्पताल से एक बेहद संवेदनशील और मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अपनी बीमारी का इलाज कराने पहुंची एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने ही अश्लील छेड़छाड़ कर दी।
जब किशोरी ने विरोध किया तो जान से मारने तक की धमकी दे डाली। किशोरी को उसके स्वजन ग्वालियर थाने लेकर पहुंचे और डॉक्टर सुरेंद्र शाक्य के खिलाफ छेड़छाड़, पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया।
कक्ष क्रमांक 22 में हुई किशोरी भर्ती
पुलिस के अनुसार हजीरा क्षेत्र के आरा मिल स्थित एसबीआई शाखा के पास रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी को बीती रात अचानक घबराहट हुई और सीने में तेज दर्द होने लगा। रात करीब एक बजे हालत बिगड़ती देख स्वजन तुरंत उसे लेकर हजीरा सिविल अस्पताल पहुंचे। स्वजन ने उसे अस्पताल के इमरजेंसी रूम (कक्ष क्रमांक 22) में भर्ती कराया। आरोप है कि इसी दौरान वहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. सुरेंद्र शाक्य ने मौका पाकर किशोरी के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ शुरू कर दी।
अचानक हरकत से घबरा गई नाबालिग
अचानक इस हरकत से नाबालिग किशोरी बुरी तरह सहम गई और घबरा गई। हालांकि, उसने हिम्मत जुटाई और वार्ड के बाहर आ गई। बाहर मौजूद अपनी बड़ी बहन और जीजा को उसने डॉक्टर की करतूत के बारे में बताया। किशोरी की बात सुनते ही किशोरी को साथ लेकर सीधे ग्वालियर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी डॉ. सुरेंद्र शाक्य के खिलाफ छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है।