ग्वालियर में आवारा कुत्ते का हमला, चार साल की बच्ची के गाल पर आए 8 टांके, बचाने दौड़ी मां को भी काटा
बच्ची को बेहतर इलाज और प्लास्टिक सर्जरी के लिए उसे जेएएच रेफर किया गया है।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 10:29:11 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 10:29:37 AM (IST)
बुरी तरह घायल बच्ची और मां को भी काटा। सोशल मीडियाHighLights
- पानी लेने गई थीं मां, चबूतरे पर हुआ हमला
- बचाने पहुंची मां की गर्दन और हाथ-पैर काटे
- जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार, जेएएच रेफर
डिजिटल टीम, ग्वालियर। शहर के बड़ा गांव इलाके में गुरुवार को आवारा कुत्ते ने घर के बाहर चबूतरे पर बैठी चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची का गाल बुरी तरह नोच लिया। उसे बचाने पहुंची मां पर भी कुत्ते ने हमला कर गर्दन और हाथ-पैर में काट लिया। बच्ची के गाल पर आठ टांके आए हैं। बेहतर इलाज और प्लास्टिक सर्जरी के लिए उसे जेएएच रेफर किया गया है।
घटना के समय बच्ची की मां घर के अंदर गई थी पानी लेने
घटना के समय बच्ची की मां त्रिवेणी पानी लेने घर के अंदर गई थीं। उन्होंने बेटी को घर के बाहर चबूतरे पर बैठाया था। इसी दौरान कुत्ते ने बच्ची पर हमला कर दिया। उसकी चीख सुनकर मां बाहर आईं तो कुत्ता बच्ची का गाल नोच रहा था। मां लकड़ी लेकर उसे बचाने पहुंचीं, लेकिन कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग और बच्ची के पिता मौके पर पहुंचे। इसके बाद कुत्ते को भगाया जा सका।
परिजन बच्ची को मुरार जिला अस्पताल ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान गाल पर आठ टांके लगाए गए। उसकी आंख सुरक्षित है, लेकिन नाक और गाल पर भी चोट के निशान हैं। शुक्रवार को भी बच्ची अस्पताल में भर्ती थी।