भोपाल एक्सप्रेस में शराब पीकर हुड़दंग, मेरठ का यात्री ग्वालियर में उतारा गया; केस दर्ज
यात्री आकाश सिंह को ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 06:57:15 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 06:57:53 PM (IST)
HighLights
- ग्वालियर स्टेशन पर कार्रवाई
- चिकित्सीय जांच में पुष्टि
- रेलवे एक्ट में केस दर्ज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भोपाल एक्सप्रेस में शराब पीकर हंगामा करने और कोच में हुड़दंग करने पर रेलवे सुरक्षा बल ने एक यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यात्री को ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।
यात्री आकाश सिंह मेरठ का है रहने वाला
जानकारी के अनुसार मंगलवार को गाड़ी संख्या 12155 भोपाल एक्सप्रेस में एम-1 कोच की बर्थ नंबर 66 पर यात्रा कर रहा आकाश (30) पुत्र हुकम सिंह निवासी मकान नंबर 21, पुरानी पुलिस चौकी, मेहंदी मोहल्ला, थाना मेरठ, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश शराब के नशे में था और कोच में यात्रियों को परेशान कर रहा था।
इसकी सूचना झांसी मंडल के डीएसआर से मिली थी। ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन पहुंचने पर उपनिरीक्षक अवतार सिंह धाकड़, प्रधान आरक्षक शिव कुमार शर्मा और आरक्षक मनीष कुमार शर्मा ने संबंधित कोच में पहुंचकर शिकायत की जांच की।
यात्री को ट्रेन से उतारकर कराया गया चिकित्सीय परीक्षण
इस दौरान यात्री नशे की हालत में मिला। ट्रेन में ड्यूटी पर तैनात उप मुख्य टिकट निरीक्षक संतु पालित के लिखित मेमो के आधार पर यात्री को ट्रेन से उतारकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उपनिरीक्षक अवतार सिंह धाकड़ ने यात्री के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 145 के तहत अपराध क्रमांक 1861/2026 दर्ज किया।