ग्वालियर में तंजानिया की स्टूडेंट से साइबर फ्रॉड, पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर 13 बार में ऐंठे 50 हजार रुपये
छात्रा हरियन जस्टीना ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। इसके बाद इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 09:31:22 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 09:31:50 PM (IST)
तंजानिया की स्टूडेंट हरियन जस्टीना।HighLights
- ऑनलाइन जॉब सर्च के दौरान जाल में फंसी स्टूडेंट
- प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 13 बार में ऐंठे रुपये
- साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस कार्रवाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। तंजानिया की छात्रा के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। छात्रा ग्वालियर के सिरोल स्थित एमके सिटी हाउसिंग सोसाइटी में रहती है। वह सोशल मीडिया पर पार्ट टाइम नौकरी की तलाश कर रही थी। एक पोस्ट दिखी, जिसमें दी गई लिंक पर क्लिक किया। ज्वाइनिंग किट से लेकर प्रोसेसिंग फीस व अन्य झांसा देकर उससे अलग-अलग बार में 50 हजार रुपये ले लिए गए। 20 हजार रुपये और मांगे, तब छात्रा को ठगी का पता लगा।
छात्रा ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। इसके बाद इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
हरियन जस्टीना एक साल से रह रही है ग्वालियर में
तंजानिया की रहने वाली 22 वर्षीय छात्रा हरियन जस्टीना करीब एक साल पहले ग्वालियर आई थी। वह निजी विश्वविद्यालय से मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही है। वह इंटरनेट पर पार्ट टाइम नौकरी की तलाश कर रही थी। गूगल पर सर्च किया था, उसे एक पोस्ट दिखी। जिसमें एक कंसल्टेंसी एजेंसी का नाम लिखा था और इसकी लिंक दी गई थी। इस पर क्लिक कर छात्रा ने पूरी जानकारी भर दी।
सबमिट किया तो प्रोसेसिंग फीस का आया विकल्प
इसके बाद सबमिट किया तो उसमें प्रोसेसिंग फीस का विकल्प आया। इसमें 5700 रुपये लिए गए। इसके बाद 12 बार में और रुपये मांगे गए। 13 बार में उससे 50 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद और रुपये मांगे तब छात्रा को ठगी का अहसास हुआ। छात्रा ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। इस मामले में सिरोल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।