डिजिटल टीम, ग्वालियर। मध्य प्रदेश को टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल हुई। भोपाल में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में ग्वालियर में स्थापित हो रहे एशिया के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (TMZ) के लिए Telecom Manufacturing Zone Investor Meet 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर 25 कंपनियों को निवेश एवं भूमि आवंटन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आशय पत्र (Letter of Intent) प्रदान किए गए।
इस निवेशक सम्मेलन का उद्देश्य देश-विदेश की टेलीकॉम, इलेक्ट्रॉनिक्स और संबंधित विनिर्माण क्षेत्र की कंपनियों को ग्वालियर में निवेश के लिए आमंत्रित करना, उनकी आवश्यकताओं से अवगत होना तथा उन्हें उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। 25 कंपनियों को आशय पत्र प्रदान किया जाना इस परियोजना के प्रति उद्योग जगत की रुचि और भागीदारी का महत्वपूर्ण संकेत है।
टेलीकॉम के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है पीएम मोदी के नेतृत्व में: सिंधिया
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने दूरसंचार के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। ब्रॉडबैंड उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 6 करोड़ से बढ़कर 102 करोड़ और इंटरनेट कनेक्शन की संख्या लगभग 25 करोड़ से बढ़कर 110 करोड़ तक पहुंच गई है।
4G नेटवर्क का देशभर में विस्तार और दुनिया के सबसे तेज 5G रोलआउट में भारत की उपलब्धि इस परिवर्तन के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि अब भारत के सामने अगला बड़ा लक्ष्य दूरसंचार सेवाओं के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों को टेलीकॉम उत्पादों के विनिर्माण में भी बदलना है। भारत को केवल सर्विस प्रोवाइडर नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर टेलीकॉम उत्पादों के निर्माण और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाना है। इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार ने निजी क्षेत्र के साथ विचार-विमर्श कर टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन की परिकल्पना को आकार दिया है।
मप्र सरकार के प्रयास सराहनीय
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मध्य प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने निवेशकों की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप जो प्रस्ताव तैयार किया, वह परियोजना के लिए अनुकूल साबित हुआ। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय तथा निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी से ग्वालियर में यह महत्वपूर्ण औद्योगिक परियोजना आकार ले रही है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्वालियर की ऐतिहासिक औद्योगिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि इस शहर का संबंध केवल कला, संस्कृति, संगीत और हस्तशिल्प से ही नहीं, बल्कि औद्योगिक विकास की लंबी परंपरा से भी रहा है। ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में स्थापित औद्योगिक इकाइयों ने वर्षों तक क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और रोजगार को मजबूती दी है। अब टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन के माध्यम से ग्वालियर को आधुनिक तकनीक और वैश्विक विनिर्माण के नए युग से जोड़ने का अवसर मिला है।
हर साल बड़ी संख्या में इंजीनियरिंग स्नातक तैयार हो रहे हैं ग्वालियर में
उन्होंने कहा कि ग्वालियर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एयरपोर्ट, बेहतर सड़क संपर्क, प्रस्तावित दिल्ली-आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेसवे और क्षेत्र में उपलब्ध शैक्षणिक संस्थान इस परियोजना के लिए महत्वपूर्ण आधार हैं। ग्वालियर में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में इंजीनियरिंग स्नातक तैयार हो रहे हैं, जो उद्योगों को कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने में सहायक होंगे।
यह निवेशक सम्मेलन केवल एक औद्योगिक आयोजन नहीं, बल्कि ग्वालियर और मध्य प्रदेश को वैश्विक टेलीकॉम एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे क्षेत्र में निवेश, नई औद्योगिक इकाइयों, तकनीकी नवाचार, कौशल विकास और प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।