ग्वालियर में अग्निकांड... नई सड़क पर 4 मंजिला मकान में भीषण आग, गोदाम खाक, पड़ोसी के घर तक लपटें
फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने के काम में 30 टैंकर भी लगाए गए।
Publish Date: Sun, 22 Nov 2026 07:52:41 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Nov 2026 07:53:18 AM (IST)
बावन पायगा में चार मंजिला मकान में धधकती आग और आग को बुझाने के लिए मौके पर मौजूद अमला। वीडियोग्रेबHighLights
- घर के गोदाम में भरा था ज्वलनशील सामान
- शादी में बाहर गया था परिवार, शार्ट सर्किट से आग
- संकरी गली के कारण फायर ब्रिगेड को आई दिक्कत
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नई सड़क स्थित बावन पायगा में शनिवार रात एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। संकरी गली में मकान एक-दूसरे से सटे होने के कारण आग पड़ोस के घर तक फैल गई।
आग वाले मकान में इलेक्ट्रिकल्स के सामान के साथ डिस्पोजेबल सामग्री और अन्य ज्वलनशील सामान रखा था। पड़ोस के मकान में कपड़े का कारखाना संचालित होता है। फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाने के काम में 30 टैंकर भी लगाए गए।
इलेक्ट्रिकल्स सामान का घर में है गोदाम
बावन पायगा में इलेक्ट्रिकल्स स्टॉकिस्ट धर्मेंद्र जैन का मकान है। इसकी निचली मंजिल पर जैन इलेक्ट्रिकल्स नाम से दुकान संचालित होती है। जैन अंचलभर में इलेक्ट्रिकल्स का सामान सप्लाई करते हैं और उन्होंने घर में ही गोदाम बना रखा है। मकान की ऊपरी मंजिल पर डिस्पोजेबल सामग्री के साथ अन्य ज्वलनशील सामान भी रखा था।
रात करीब 10 बजे मकाने में आग की दिखीं उठती लपटें
शनिवार रात करीब 10 बजे मकान से आग की लपटें उठती दिखीं। घटना के समय जैन परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए शहर से बाहर मोहना गया हुआ था। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी और अपने स्तर पर भी आग बुझाने की कोशिश की। सूचना मिलते ही महाराज बाड़ा, पुरानी छावनी और कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम स्थित फायर मुख्यालय से गाड़ियां रवाना की गईं।
फैलते ही आग पड़ोसी के मकान में पहुंची
करीब एक घंटे में आग और फैल गई तथा बगल में नितिन कुमार के मकान तक पहुंच गई। वहां आग ज्यादा भड़कने से पहले ही उसे काबू कर लिया गया। धर्मेंद्र जैन के मकान में पीवीसी केबल होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। देर रात 12 बजे तक फायर ब्रिगेड का अमला आग पर काबू पाने में जुटा रहा। आग लगने का प्रारंभिक कारण शार्ट सर्किट बताया गया है।
इसलिए आई आग बुझाने में दिक्कत
धर्मेंद्र जैन का मकान जिस गली में है, वह काफी संकरी है। यहां कई लोगों ने नीचे दुकान और ऊपर मकान बना रखे हैं। गली में एक से अधिक फायर ब्रिगेड गाड़ियों को ले जाने में दिक्कत हुई। इस वजह से सभी 15 गाड़ियों को एक-एक कर मौके पर बुलाया गया। वाटर बाउजर से बार-बार पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश की गई।
इलाके में दहशत, संकरी गली बनी चुनौती
आग फैलने की आशंका से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। गली में ज्यादातर मकान आपस में सटे हैं। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और फायर ब्रिगेड के अमले की मदद करते दिखे। नोडल अधिकारी फायर रजनीश गुप्ता के मुताबिक, घर में गोदाम होने से आग बार-बार भड़क रही थी। अमले ने काफी मशक्कत के बाद आग को कंट्रोल किया।