ग्वालियर के मालिक्यूल पब में आधी रात को बवाल, नशेड़ी युवकों ने महिलाओं से की बदसलूकी, स्टाफ को पीटा
सूचना मिलते ही तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 10:02:30 AM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 10:03:26 AM (IST)
HighLights
- MLB रोड स्थित पब की घटना
- विरोध करने पर स्टाफ से मारपीट
- तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पड़ाव थाना क्षेत्र के अंतर्गत एमएलबी रोड स्थित मालिक्यूल पब में शनिवार रात करीब 12 बजे नशे में धुत्त युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। पब बंद होने के समय पहुंचे आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने बाहर निकल रही महिलाओं के साथ बदसलूकी की। जब पब स्टाफ ने इसका विरोध किया, तो हुड़दंगियों ने स्टाफ के साथ मारपीट शुरू कर दी और पब में तोड़फोड़ मचाई। सूचना मिलते ही तीन थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला।
पब से बाहर आ रही महिलाओं को देखकर युवकों ने की अभद्रता शुरू
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे मॉलिक्यूल पब बंद हो रहा था और उसमें मौजूद लोग बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान नशे में धुत करीब आधा दर्जन युवक वहां पहुंचे। पब से बाहर आ रही महिलाओं को देखकर इन युवकों ने उनसे अभद्रता व छींटाकशी शुरू कर दी।
बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए स्टाफ पर किया हमला
महिलाओं से बदसलूकी होते देख जब पब के सिक्योरिटी गार्ड और स्टाफ सदस्यों ने युवकों को रोका, तो वे आगबबूला हो गए। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए स्टाफ पर हमला बोल दिया और उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, हुड़दंगियों ने पब परिसर में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी। अचानक हुए इस बवाल से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर भागने लगे।
तीन थानों के फोर्स ने संभाला मोर्चा: घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मामला बिगड़ता देख पड़ाव थाना पुलिस के अलावा आसपास के दो अन्य थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। तीन थानों की पुलिस के पहुंचते ही हुड़दंगी मौके से भागने की कोशिश करने लगे।
पब में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि उपद्रव करने वाले सभी आरोपियों की पहचान की जा सके। पीड़ित स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। -रोबिन जैन, सीएसपी इंदरगंज सर्किल