दीपावली मनाने चाची के घर आई 11 वर्षीय मासूम बच्ची से 50 वर्षीय रिश्तेदार ने किया दुष्कर्म
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Publish Date: Thu, 12 Nov 2026 08:15:29 AM (IST)Updated Date: Thu, 12 Nov 2026 08:16:11 AM (IST)
HighLights
- चचेरी बहनों के साथ सोते समय की हैवानियत
- तबीयत बिगड़ने पर बच्ची ने मां को बताई आपबीती
- पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज, आरोपी गिरफ्तार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। त्योहार की खुशियों के बीच एक 11 साल की मासूम के साथ रिश्ते को कलंकित करने वाला कृत्य हुआ।
दीपावली मनाने अपनी चाची के घर आई इस बच्ची को चाची के ही 50 वर्षीय मामा ब्रजमोहन ने अपनी हवस का शिकार बनाया। बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मासूम सो रही थी अपनी दो चचेरी बहनों के साथ
नौ नवंबर की रात जब परिवार के अन्य सदस्य आंगन में सो रहे थे, तब आरोपी ब्रजमोहन उसी कमरे में मौजूद था जहां मासूम अपनी दो चचेरी बहनों के साथ सो रही थी। देर रात आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। डमी और सहमी हुई बच्ची ने डर के मारे उस वक्त किसी को कुछ नहीं बताया। दस नवंबर को जब पिता बच्ची को वापस घर लेकर आए, तो उसकी तबीयत बिगड़ने और रक्तस्राव होने पर मां ने पूछताछ की। तब जाकर उसने आपबीती अपनी मां को सुनाई।
परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई
इसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। माता-पिता तुरंत बच्ची को लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।