डबरा में संदिग्ध खाद के गोदाम पर छापामारी, 32 टन उर्वरक और खाली बैग मिले, संचालक पर FIR
कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने गोदाम संचालक निशांत अग्रवाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 02:42:48 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 02:43:31 PM (IST)
HighLights
- नामी कंपनियों के 358 खाली बैग मिले
- उर्वरक के वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका संचालक
- जांच के लिए लैब भेजे गए खाद के सैंपल
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। डबरा के शुगर मिल क्षेत्र स्थित एक गोदाम में संदिग्ध खाद मिलने पर जिला प्रशासन के निर्देश पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। गोदाम से करीब 32 टन विभिन्न प्रकार के उर्वरक और एक नामी कंपनी के छपे हुए 358 खाली बैग मिले हैं। उर्वरकों के वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने गोदाम संचालक निशांत अग्रवाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोदाम में संदिग्ध खाद रखी होने की मिली थी सूचना
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी डबरा की लिखित शिकायत पर पुलिस थाना डबरा सिटी में मेसर्स जय कामतानाथ किसान सेवा केंद्र के प्रोपराइटर निशांत अग्रवाल के खिलाफ उर्वरक (नियंत्रण) आदेश तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। उप संचालक कृषि भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी डबरा को शुगर मिल क्षेत्र के एक गोदाम में संदिग्ध खाद रखी होने की सूचना मिली थी।
इस पर 26 अक्टूबर की शाम अनुविभागीय कृषि अधिकारी, तहसीलदार और पुलिस बल की मौजूदगी में गोदाम खुलवाकर जांच की गई।
जांच के दौरान गोदाम में विभिन्न कंपनियों के खाली बैग बरामद किए गए। खाली बैग मिलने और उर्वरकों के वैध दस्तावेज नहीं दिखाने से खाद की गुणवत्ता और उसकी पैकिंग को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ है। बरामद उर्वरकों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।