स्कूल बस रोककर ड्राइवर पर चलाई गोली, 8 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार; 4 साल पुरानी रंजिश निकली वजह
ग्वालियर क्राइम समाचार: पूछताछ में सामने आया- चार साल पहले अर्जुन का भाई श्रीकृष्ण यादव खेमसिंह के साथ शादी का कार्ड लगाने जा रहा था। तभी सड़क हादसा ह...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 12 Sep 2026 09:49:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 12 Sep 2026 09:51:12 PM (IST)
बस का ड्राइवर पुलिस को घटना के बारे में बताते हुए और गोली चलाने वाले आरोपियों के फाइल फोटो। सौ. पुलिसHighLights
- ग्वालियर-झांसी हाईवे पर दुस्साहसिक वारदात
- आरोपी के भाई की सड़क हादसे में मौत हुई थी
- संदेह था- बस ड्राइवर खेमसिंह छोड़कर भागा
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर टेकनपुर में ग्लोरियस स्कूल की बस के ड्राइवर खेम सिंह यादव पर कार सवार बदमाशों ने गोली चलाई। गोली चलते ही छर्रे चालक के चेहरे और सीने पर लगे। जब यह घटना हुई, तब बच्चे बस में ही सवार थे। गोली चलते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई, बच्चे बुरी तरह घबरा गए। पुलिस भी तुरंत पड़ताल में जुटी और आठ घंटे के भीतर तीन आरोपी पकड़ लिए। मुख्य आरोपी ड्राइवर के दोस्त श्रीकृष्ण यादव का भाई अर्जुन उर्फ भीमा यादव ही निकला है। उसने अपने साथी शिवम यादव, अभिषेक यादव और राहुल यादव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
पूछताछ में सामने आया- चार साल पहले अर्जुन का भाई श्रीकृष्ण यादव खेमसिंह के साथ शादी का कार्ड लगाने जा रहा था। तभी सड़क हादसा हुआ। इसमें श्रीकृष्ण की मौत हो गई। अर्जुन को संदेह था कि खेमसिंह यादव उसके भाई को घायल अवस्था में छोड़कर आया था।
50 बच्चे बस से लेकर स्कूल जा रहा था ड्राइवर खेम सिंह
पिछोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलैया गांव का रहने वाला खेमसिंह यादव टेकनपुर स्थित ग्लोरियस स्कूल की बस चलाता है। सुबह वह पिछोर, डबरा व आसपास के क्षेत्र के करीब 50 बच्चे बस से लेकर स्कूल जा रहा था। अचानक पीछे से सफेद रंग की स्विफ्ट कार ओवरटेक बस को ओवरटेक कर आगे निकली। छोटी अकबई इलाके में पुलिया पर कार बीच में रुक गई। पीछे यह बस आ रही थी। खेम सिंह ने पहले महिला अटेंडर को बस से नीचे उतारकर कार चालक के पास भेजा।
तेज रफ्तार में जाती आरोपियों की कार का सीसीटीवी फुटेज।
अचानक सीएनजी खत्म हो गई है...
कार ड्राइवर ने कहा- अचानक सीएनजी खत्म हो गई है, इसलिए ड्राइवर को भेज दें, जिससे धक्का लगवाकर बस हटाई जा सके। महिला हेल्पर लौटकर आई और उसने खेम सिंह को यह बताया। खेम सिंह बस से उतरकर कार चालक के पास पहुंचा। जैसे ही वह ड्राइवर के पास पहुंचा तो बगल में बैठे बदमाश ने कट्टे से फायर किया। गोली कनपटी के बगल से निकल गई, लेकिन छर्रे खेम सिंह के चेहरे और सीने पर लगे। इसके बाद बदमाश तो भाग निकले और खेम सिंह वहीं गिर पड़ा।
रात 8 बजे पुलिस ने किया खुलासा
गोली की आवाज से बच्चे डर गए। महिला अटेंडर ने किसी तरह बच्चों को संभाला। सूचना मिलते ही पिछोर थाना प्रभारी शिवम राजावत फोर्स के साथ पहुंच गए। रात 8 बजे पुलिस ने खुलासा कर दिया। तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
रोने लगे बच्चे, राहगीरों ने पुलिस को बताया- बस में गोली मारी
इस घटना के बाद बच्चे घबरा गए और बस में ही रोने लगे। राहगीरों ने पुलिस को बताया कि बस में गोली मार दी है। जब चालक से बात हुई तो सामने आया कि बस में नहीं बल्कि चालक पर गोली चलाई गई है।
चौथे आरोपी की तलाश में लगी टीमें
पुलिस ने अर्जुन यादव, शिवम यादव और अभिषेक यादव को पकड़ लिया है। जबकि राहुल यादव की तलाश में टीमें लगी हैं। वह अभी फरार है। वह बंधौली का रहने वाला है। गांव के घर पर वह नहीं पहुंचा। यह आरोपी शहर से भागने की कोशिश कर रहे थे। इससे पहले ही इन्हें पकड़ लिया।
टेकनपुर में हुई गोलीबारी की घटना का राजफाश हो गया है। तीन आरोपी पकड़े गए हैं। चौथे की तलाश जारी है। - धर्मवीर सिंह, एसएसपी