ग्वालियर की युवती को स्नैपचैट की दोस्ती बनी मुसीबत, शादी से इनकार करने पर करवा चौथ का सामान लेकर घर पहुंचा आशिक
युवती का आरोप है कि शादी से इनकार करने के बावजूद युवक उसे लगातार फोन और मैसेज कर परेशान करता रहा।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 11:03:17 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 11:03:41 PM (IST)
HighLights
- सात महीने पहले हुई थी सोशल मीडिया पर दोस्ती
- करवा चौथ का सामान लेकर घर पहुंचा आरोपी
- तस्वीरें वायरल करने की दे रहा धमकी
डिजिटल टीम, ग्वालियर। स्नैपचैट पर हुई दोस्ती के बाद गुजरात निवासी युवक पर ग्वालियर की युवती को शादी के लिए परेशान करने, पीछा करने और धमकी देने के आरोप लगे हैं। युवती का आरोप है कि शादी से इनकार करने के बावजूद युवक उसे लगातार फोन और मैसेज कर परेशान करता रहा।
इतना ही नहीं, वह करवा चौथ का सामान लेकर उसके घर तक पहुंच गया। परेशान होकर युवती ने गोला का मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सात महीने पहले स्नैपचैट पर हुई थी दोस्ती
युवती ने पुलिस को बताया कि करीब सात महीने पहले उसकी पहचान अहमदाबाद निवासी साहिल पटेल से स्नैपचैट के जरिए हुई थी। दोनों के बीच फोन और चैट पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि कुछ समय बाद युवक ने उस पर दोस्तों से बात नहीं करने का दबाव बनाया और शादी का प्रस्ताव रखा। युवती ने शादी से इनकार कर बातचीत बंद कर दी, लेकिन इसके बाद भी युवक की हरकतें जारी रहीं।
घर पहुंचकर छेड़छाड़ और धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, 14 जून 2026 को युवक युवती के घर के सामने पहुंचा और हंगामा करने लगा। आरोप है कि उसने युवती का हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने खुद की नस काटने और युवती के परिवार को जान से मारने की धमकी दी। बाद में माफी मांगकर वह वहां से चला गया।
तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी
युवती का आरोप है कि 30 अगस्त की रात भी युवक उसके घर पहुंचा और शादी नहीं करने पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी। वह लगातार घर के आसपास आता रहा और उपहार भेजकर दबाव बनाता रहा। हाल ही में करवा चौथ का सामान लेकर घर पहुंचने पर परिवार के लोग परेशान हो गए। युवती के मुताबिक, युवक की लगातार हरकतों से उसका घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।