ग्वालियर बस स्टैंड से ढाई माह की बच्ची किडनैप, आधी रात को हुई सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप
आधी रात हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और फौरन पूरे शहर में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 08:03:19 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 08:03:44 AM (IST)
HighLights
- बाथरूम गई थी मां, सीसीटीवी में कैद आरोपी
- गांजे की लत और विवाद से जुड़ा एंगल
- शहर भर में नाकाबंदी, तलाश जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के मुख्य बस स्टैंड से रविवार रात करीब 12 बजे ढाई माह की बच्ची के अपहरण का मामला सामने आया है। मां अपनी बच्ची को चबूतरे पर सुलाकर थोड़ी देर के लिए गई थी, तभी पीछे से उसके दोस्त का परिचित युवक बच्ची को लेकर फरार हो गया।
शहर में नाकाबंदी, तलाशी शुरू
आधी रात हुई इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और फौरन पूरे शहर में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। खबर लिखे जाने तक बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बाथरूम गई थी मां, सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
मूल रूप से टीकमगढ़ की रहने वाली राधा अहिरवार अपने पति हरिश्चंद्र अहिरवार के साथ ग्वालियर में रहकर मजदूरी करती है। रविवार रात राधा अपने दोस्त बाबा के साथ बस स्टैंड पर मौजूद थी। इस दौरान बच्ची सो रही थी, जिसे उसने चबूतरे पर सुला दिया और खुद बाथरूम चली गई। जब वह लौटकर आई तो बच्ची वहां नहीं थी। आसपास तलाश करने पर पता चला कि बाबा का परिचित विजय नाम का युवक बच्ची को उठाकर ले गया है।
बस स्टैंड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी बच्ची को ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी का रूट ट्रैक करना शुरू कर दिया है।
गांजे की लत और आपसी विवाद से जुड़ा एंगल
जांच में सामने आया है कि पीड़िता राधा और उसके पति हरिश्चंद्र के बीच चार दिन पहले ही किसी बात पर झगड़ा हुआ था। राधा को गांजे की लत है और वह घटना के वक्त अपने दोस्त बाबा के साथ गांजा लेने भी गई थी। पुलिस इस एंगल को भी ध्यान में रखकर मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।
सालभर से लापता है रितेश बच्चा चोर गैंग का खतरा
शहर में बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि एक साल पहले मुरार से लापता हुआ तीन वर्षीय रितेश अब तक बेसुराग है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से साफ जाहिर है कि ग्वालियर में बच्चा चोर गैंग सक्रिय है। पुलिस फिलहाल बच्ची की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।