करवा चौथ की खरीदारी कर पति के साथ लौट रही महिला की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत
यह घटना ग्वालियर के मुरार क्षेत्र की है। मुरार थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 08:27:21 AM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 08:27:42 AM (IST)
HighLights
- खरीदारी कर पैदल लौट रहा था दंपति
- बिना नंबर के ई-रिक्शा ने मारी टक्कर
- अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। करवाचौथ से दो दिन पहले एक महिला की सड़क हादसे में उसके पति के सामने दर्दनाक मौत हो गई। महिला पति के साथ करवा चौथ पूजन के लिए सामान खरीदने बाजार गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बिना नंबर की ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी।
मुरार पुलिस ने दर्ज की FIR
टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। यह घटना शहर के मुरार क्षेत्र की है। मुरार थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
सदर बाजार से खरीदारी कर पैदल लौट रहा था दंपति
मुरार थाना क्षेत्र के अंतर्गत गेरुवाला बंगला की रहने वालीं हरकुंअर कुशवाह उम्र 51 वर्ष अपने पति बृजकिशोर कुशवाह के साथ करवा चौथ के लिए पूजा का सामान खरीदने के लिए मंगलवार शाम को गई बाजार गई थीं। सदर बाजार से सामान खरीदा, इसके बाद पति-पत्नी दोनों पैदल ही घर लौट रहे थे। जैसे ही यह लोग बारादरी के पास स्थित आर्मी गेट के ठीक सामने पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आ रही ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी।
ई-रिक्शा की टक्कर लगी औरम हिला उछलकर गिरीं
टक्कर लगते ही हरकुंअर उछलकर गिरीं और पति भी झटका लगने से गिर पड़े, वह हरकुंअर का हाथ पकड़े हुए थे और उनके सिर में भी गंभीर चोट आई। वहां मौजूद राहगीरों की मदद से बृजकिशोर पत्नी को अस्पताल लेकर भागे। यहां कुछ देर इलाज चला और उनकी पत्नी ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात इ-रिक्शा चालक पर एफआईआर दर्ज की है। ई-रिक्शा की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, क्योंकि उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी।