दहेज के लिए तीन बच्चों समेत महिला को घर से निकाला, महिला थाने में FIR दर्ज कर न्याय की गुहार
अब महिला मायके में रहकर न्याय की गुहार लगा रही है। महिला थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:40:19 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:40:58 AM (IST)
एआई से बनी इमेज।HighLights
- 2020 में हुआ था निकाह, दिया था दहेज
- 10 लाख रुपये के लिए मारपीट और धमकी
- मायके में रहकर न्याय की गुहार लगा रही महिला
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ससुराल में दहेज को लेकर चल रहे विवाद ने एक महिला का घर उजाड़ दिया। आरोप है कि पति और उसके स्वजन लगातार रुपयों की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर महिला को मारपीट कर तीन मासूम बच्चों के साथ घर से बाहर कर दिया गया। अब महिला मायके में रहकर न्याय की गुहार लगा रही है। महिला थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
इश्तियाक खान से 2020 में हुआ था महिला का निकाह
जनकगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोल पहाड़िया बिजली घर की रहने वाली 37 वर्षीय शाइना बानो ने बताया कि उसका निकाह छह नवंबर 2020 को इफ्तार इश्तियाक खान निवासी नूरगंज से हुआ था। मायके पक्ष द्वारा शादी में करीब 15 लाख रुपये का दहेज दिया गया। इसके बाद भी यह लोग प्रताड़ित कर रहे थे। शादी के समय उसके माता-पिता ने हैसियत से बढ़कर खर्च किया था। जेवर, घर का सामान और अन्य सामान दिया था। इसके बाद भी ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ।
मायके से मकान बेचकर लेकर आ 10 लाख रुपये
पति ने मायके का मकान बेचकर 10 लाख रुपये लाने को कहा। मना करने पर दूसरी शादी करने और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि पति नशे में घर आता था और गाली-गलौज के साथ मारपीट करता था। खाने-पीने और दवा तक के लिए तरसाया जाता था। बच्चों के खर्च की जिम्मेदारी से भी मुंह मोड़ लिया गया। अप्रैल में उसकी मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद उसने थाने में शिकायत की।