चलती ट्रेन में गूंजी किलकारी, इटावा-कोटा एक्सप्रेस के जनरल कोच में महिला ने दिया बेटे को जन्म
महिला को अचानक प्रसव पीड़ा उठने पर महिला सहयात्रियों ने मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 07:32:21 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 07:32:44 AM (IST)
HighLights
- शनिश्चरा स्टेशन पर उठा दर्द
- महिला यात्रियों ने की मदद
- जच्चा-बच्चा अस्पताल में भर्ती
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। इटावा से गुना जा रही गर्भवती महिला ने रविवार को इटावा-कोटा एक्सप्रेस के जनरल कोच में बेटे को जन्म दिया। शनिश्चरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन खड़ी होने के दौरान महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
इस पर कोच में मौजूद महिला यात्रियों ने मदद की और सुरक्षित प्रसव कराया।
2 साल की बेटी के साथ महिला ट्रेन में कर रही थी यात्रा
जानकारी के अनुसार राजस्थान के बारां जिले के ग्राम बीजना निवासी गोपाल अपनी 25 वर्षीय पत्नी रीना और दो वर्षीय बेटी के साथ गाड़ी संख्या 19812 इटावा-कोटा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे। रविवार शाम शनिश्चरा स्टेशन पर रीना को प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उन्होंने पुत्र को जन्म दिया।
रात 7:53 बजे सूचना मिलने पर आरपीएफ उप निरीक्षक रविंद्र सिंह राजावत सहित अन्य कर्मचारी ग्वालियर स्टेशन पर पहुंचे। यहां महिला और नवजात को ट्रेन से उतारकर पति के साथ जया आरोग्य अस्पताल भिजवाया गया।