सोशल मीडिया की दोस्ती और मुंबई एयरपोर्ट कस्टम के नाम पर महिला से 2 लाख की ठगी, पाकिस्तानी नंबर से आया था कॉल
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 07:00:45 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 07:01:31 PM (IST)
HighLights
- फेसबुक पर दोस्ती कर विदेशी नागरिक होने का झांसा
- सोना गिफ्ट करने का नाटक कर एयरपोर्ट पर फंसाया
- 12 ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए ठगे दो लाख रुपये
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र में साइबर ठगों द्वारा एक विवाहिता को अपना शिकार बनाने का मामला सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद आरोपी ने पाकिस्तान के कंट्री कोड वाले नंबर से कॉल कर महिला को महंगे तोहफे का झांसा दिया और मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम व सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पकड़े जाने का डर दिखाकर दो लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात यूजर गजल की पोस्ट पर लगातार कर रहा था कमेंट
मुरार के गेरू वाले बंगले के पास त्यागी नगर में रहने वाली 25 वर्षीय गजल बाथम इंटरनेट फेसबुक चला रही थीं। कुछ दिनों से एक अज्ञात यूजर उनकी पोस्ट पर लगातार कमेंट कर रहा था, जिसके बाद दोनों के बीच मैसेंजर पर बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। उसने खुद को विदेशी नागरिक बताकर महिला का विश्वास जीता।
पाक नंबर से आया था कॉल, मांगा था आधार कार्ड
बीती तीन और चार अक्टूबर को इस ठगी की पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। 3 अक्टूबर को गजल के मोबाइल पर पाकिस्तान के कंट्री कोड (+92) वाले एक अनजान नंबर से कॉल आया। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे आरोपी ने दोबारा फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला से उनका आधार कार्ड मांगा, लेकिन गजल ने देने से इंकार कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने अपनी मीठी बातों से महिला का भरोसा बनाए रखा।
सोना गिफ्ट करने आ रहा हूं, एयरपोर्ट पर फंसा हूं
आरोपी ने महिला को विश्वास में लेते हुए कहा कि वह उनके लिए भारी मात्रा में सोना गिफ्ट के रूप में लेकर आ रहा है। इसके कुछ देर बाद आरोपी ने दोबारा घबराते हुए फोन किया और नाटक किया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंच चुका है, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने उसे पकड़ लिया है। आरोपी ने कहा कि उसके पास 20 लाख रुपये कीमत का सोना है और सुरक्षा अधिकारी उसे छोड़ने के एवज में 2 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं।
12 ट्रांजेक्शन में ट्रांसफर किए रुपये
विदेशी दोस्त के एयरपोर्ट पर फंसने और भारी सोना मिलने के लालच में आकर महिला घबरा गई। आरोपी ने झांसा देते हुए अलग-अलग दुकानों के ऑनलाइन क्यूआर कोड भेजे। पीड़िता ने बिना देर किए 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल दो लाख रुपये बताए गए कोड पर ट्रांसफर कर दिए।
जो लाख रुपये भेजने के बाद भी जब आरोपी लगातार पैसों की मांग करता रहा, तब महिला को अंदेशा हुआ कि उसके साथ कोई बड़ा धोखा हुआ है।
इसके बाद पीड़िता ने तुरंत अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी और साइबर हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। मुरार थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।