ग्वालियर में विवाद के बाद कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक
घटना सिरौल थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर स्थित सिरोल कॉलोनी की है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 11:21:21 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 11:21:53 AM (IST)
HighLights
- नशे में घर लौटने पर हुआ था विवाद
- पहली मंजिल के कमरे में मिला शव
- सिरौल थाना पुलिस कर रही जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शराब के नशे में घर लौटे युवक का स्वजनों से विवाद हो गया। इसके बाद वह पहली मंजिल पर बने कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। कुछ देर बाद पिता कमरे में पहुंचे तो बेटा फंदे पर लटका मिला।
स्वजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना सिरौल थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर स्थित सिरोल कालोनी की है।
जोगिंदर नशे की हालात में अक्सर घर में करता था विवाद
पृथ्वीनगर निवासी 35 वर्षीय जोगिंदर जाटव निजी नौकरी करता था। पुलिस के अनुसार उसे शराब पीने की आदत थी और नशे की हालत में अक्सर घर में विवाद करता था। बीते रोज भी वह नशे में घर पहुंचा। इस पर स्वजन से उसकी कहासुनी हो गई। स्वजनों ने उसे खाना खाकर आराम करने की समझाइश दी, लेकिन वह बिना खाना खाए पहली मंजिल पर बने कमरे में चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। कुछ देर बाद पिता ने कमरे में जाकर देखा तो जोगिंदर फंदे पर लटका मिला।
पुलिस कर रही है जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस ने डायल-112 की मदद से उसे जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सिरौल थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।