कॉलेज जाने की बात कहकर गायब युवती हरियाणा में मिली, 'ऑपरेशन मुस्कान' के तहत मुरार पुलिस की बड़ी सफलता
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 04:20:47 PM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 04:21:14 PM (IST)
कार्रवाई करती पुलिस। सोशल मीडियाHighLights
- 7 सितंबर से लापता थी 21 वर्षीय युवती
- बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका
- मुखबिर की सूचना पर कैथल से पकड़ा
डिजिटल टीम, ग्वालियर। कॉलेज जाने की कहकर घर से निकली 21 वर्षीय युवती के लापता होने के मामले में मुरार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे हरियाणा के कैथल से लताश कर ले आई है।
7 सितंबर से लापता थी 21 वर्षीय युवती
युवती 7 सितंबर को घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
परिजन ने आशंका जताई थी कोई बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया
पुलिस के अनुसार, मुरार निवासी रोहित (परिवर्तित नाम) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी नीतू (परिवर्तित नाम) 7 सितंबर 2026 को सुबह करीब नौ बजे कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। देर रात तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इस पर परिजन ने आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
शिकायत के आधार पर मुरार थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 497/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद बल्लभ बगोली ने युवती की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की।
मुखबिर की सूचना पर हरियाणा पहुंची पुलिस
तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि युवती हरियाणा के कैथल में है। इसके बाद पुलिस टीम को कैथल रवाना किया गया। पुलिस ने 23 अक्टूबर को आजाद कॉलोनी, शुगर मिल क्षेत्र से युवती को दस्तयाब किया और ग्वालियर लेकर आई। पुलिस के अनुसार, युवती के कथन दर्ज करने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।