
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शराब न पिलाने पर सिरफिरे गुंडों ने एक युवक को अगवा कर स्कॉर्पियो में डाल लिया। इसके बाद उसे पूरे शहर में कार के अंदर लेकर घूमते रहे। उसे अंदर ही बेरहमी से पीटा। जब वह अचेत होने लगा तो गाड़ी से फेंककर भाग गए। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह घटना गिरवाई क्षेत्र की है। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। खबर लिखे जाने तक आरोपित पकड़े नहीं जा सके थे। पुलिस इनकी तलाश में लगी थी।
गिरवाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिकंदर कंपू स्थित पटिया वाला मोहल्ला में रहने वाला 22 वर्षीय प्रियांशु यादव पुत्र राजकुमार यादव 30 जून की रात करीब 8.30 बजे सरदार की मल्टी के पास गया था। उसका दोस्त प्रथम गुर्जर उसकी एक्टिवा ले गया था। दोस्त से अपनी गाड़ी वापस लेने के लिए गया था। वह सरदार की मल्टी के पास खड़ा था, प्रथम भी वहीं था।
दोनों बात कर रहे थे, तभी सफेद रंग की स्कार्पियो एमपी 04 सीआर 7894 आकर रुकी। इसमें शिवा कुशवाह, संदीप तईया, सुनील उर्फ ब्लैंकी कुशवाह और हिमांशु उतरे। इन लोगों ने बहाने से उसे स्कार्पियो में बैठाया और पार्टी में ले जाने की बात कही। वह इन्हें पहले से जानता था।
स्कार्पियो में बैठ गया। इसके बाद रास्ते में रुके और उससे शराब खरीदने के लिए कहा। वह गाड़ी से उतर गया और उसने शराब पिलाने से इंकार कर दिया। इसके बाद तो इन गुंडों ने उसे पकड़कर फिर गाड़ी में डाला और पीटना शुरू कर दिया। शहरभर में गाड़ी घुमाते रहे, उसे पीटते रहे।
उसे यह लोग यहां से तिघरा रोड की तरफ ले गए। यहां से बदनापुरा फिर निंबाजी की खो और जब वह अचेत होने लगा तो सिकंदर कंपू लेकर आए। यहां काली माता मंदिर के पास उसे चलती गाड़ी से फेंककर भाग गए। उसके स्वजनों को किसी ने सूचना दी कि वह लहूलुहान हालत में पड़ा है। उसे अस्पताल ले जाया गया। अब इस मामले में एफआइआर दर्ज की गई है।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि यह सिकंदर कंपू से सीधे बिरथरियों का पुरा लेकर पहुंचे। यहां आकाश कुशवाह और शिवा का जीजा रवि कुशवाह भी मिल गए। फिर इन लोगों ने भी पीटा। स्वजन उसे सीधे अस्पताल ले गए थे। अस्पताल में वह बेहोश था। पांच दिन तक इलाज चलने पर जब उससे बात की तब उसने घटना बताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में नाबालिग ने रिश्तेदार को बंदूक अड़ाकर घर से चोरी कराए 15 लाख के गहने, 50% ब्याज का था दबाव