
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अचलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने दिल खोलकर दान किया। शुक्रवार को मंदिर की दानपेटियों से पांच लाख 91 हजार रुपये मिले। इसके साथ ही दो दिन में कुल 14 लाख 41 हजार रुपये का चढ़ावा बैंक में जमा कराया गया।
गुरुवार को 13 दानपेटियों में से पांच खोली गई थीं, जबकि शेष आठ शुक्रवार को खोली गईं। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर न्यास के अध्यक्ष राजेश ऐरन ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे से दानपेटियां खोलने और राशि गिनने का काम शुरू हुआ। इस दौरान बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
दानपेटियों से नकदी के साथ श्रद्धालुओं की लिखी कई पर्चियां भी मिलीं। भक्तों ने भगवान अचलेश्वर महादेव से परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि और कारोबार में उन्नति की कामना की। किसी ने परिवार की सुख-शांति, तो किसी ने व्यापार में तरक्की के लिए अर्जी लगाई। मंदिर न्यास के अनुसार, दानपेटियों से मिली राशि बैंक में जमा करा दी गई है।