ग्वालियर के गिरवाई आतिशबाजी बाजार में प्रशासन की रेड, न फायर ब्रिगेड मिली न पानी का टैंक, खुली पोल
एसडीएम लश्कर के निर्देश पर तहसीलदार गिरवाई दिनेश चौरसिया व उनकी टीम ने निरीक्षण किया।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 11:33:46 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 11:34:15 AM (IST)
गिरवाई पटाखा बाजार में सुरक्षा के इंतजाम नहीं, सड़क तक आतिशबाजी रखी मिली। नईदुनियाHighLights
- फायर ब्रिगेड और पानी के टैंक नदारद
- पार्किंग व्यवस्था न होने से खड़े वाहन
- बिना नवीनीकरण के चल रहा कारोबार
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। गिरवाई स्थित थोक आतिशबाजी कारोबार को अस्थाई मोहलत देकर शुरू तो करवा दिया गया, लेकिन यहां हालात ऐसे हैं कि कभी भी हादसा हो सकता है। यहां न आग बुझाने के लिए फायर बिग्रेड मिली न सुरक्षा के लिए गार्ड। यहां तक कि एक टैंक या टैंकर तक नहीं था कि अचानक आग लग जाए तो पानी डाल दिया जाए। इसके अलावा मुख्य गेट के अंदर से चार पहिया वाहन व दो पहिया वाहन अंदर तक आतिशबाजी दुकानों के आगे खड़े मिले। क्योंकि कारोबारियों की ओर से कोई पार्किंग व्यवस्था नहीं है। एसडीएम लश्कर के निर्देश पर तहसीलदार गिरवाई दिनेश चौरसिया व उनकी टीम ने निरीक्षण किया।
जिसमें यह सभी खामियां सामने आईं। खुद अधिकारी भी इन बिंदुओं को देखकर हैरत में पड़ गए, जिसके बाद पूरा पंचनामा बनाया गया और उसमें दर्ज किया गया कि सुरक्षा को लेकर क्या मानका मिले व नहीं मिले। अब यह रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी जाएगी।
बिना नवीनीकरण फिर खोल दिया आतिशबाजी कारोबार
गिरवाई स्थित थोक आतिशबाजी कारोबार को बिना नवीनीकरण फिर खोल दिया गया है। थोक कारोबारियों ने अपनी दुकानें खोल कारोबार शुरू कर दिया है जबकि नवीनीकरण इस साल भी नहीं हो सका। हर बार की तरह दीपावली का त्योहार पास आते ही अस्थाई मेाहलत का तरीका निकला और पुलिस अधीक्षक के अभिमत के आधार पर प्रशासन के अधिकारियों ने 18 नवंबर तक अस्थाई मोहलत पर प्रशासन ने मुहर लगा दी। वहीं जिन खामियों के कारण थोक कारोबार को सील किया गया था। वह पालन किया जा रहा है या नहीं इसको लेकर मैदानी जांच नहीं की गई है। प्रशासन के निरीक्षण में सुरक्षा मानकों की पोल खुल गई। इससे यह साफ हो गया कि कारोबार के चक्कर में कारोबारियों ने इंतजाम तक नहीं किए हैं।
पहले एसडीएम को खुद मिली थीं बिना स्वीकृति दुकानें खुलीं
आतिशबाजी थोक कारोबार को कायदों में लाने के लिए पिछले दो साल से अफसर कोई हल नहीं निकाल सके हैं, कुछ दिनों पहले एसडीएम लश्कर नरेंद्र बाबू यादव ने गिरवाई थोक बाजार का निरीक्षण किया था जिसमें दुकानें खुलीं मिलीं थीं, इसके बाद दुकानों को बंद करा दिया गया। इससे यह साफ हुआ कि कारोबारी बिना नवीनीकरण के दुकानें खोल रहे थे।
14 दुकानदारों के पास है थोक लाइसेंस
पिछले साल ही प्रशासन की ओर से अवैध स्टाक आतिशबाजी को राजसात कर फिर लाइसेंस नवीनीकरण कराने के आदेश जारी किए गए थे, लेकिन फिर कारोबारी कोर्ट चले गए। इसके बाद दीपावली त्योहार आने के चलते एक माह की अनुमति अस्थाई तौर पर प्रशासन ने दी। जिसके बाद अब इस साल फिर वही नौबत आ गई। गिरवाई क्षेत्र एबी रोड पर आतिशबाजी का थोक कारोबार है, यहां 14 दुकानें स्थित हैं जिनके पास थोक का लाइसेंस है।
आतिशबाजी थोक कारोबार का निरीक्षण किया गया था जिसमें पार्किंग, सुरक्षा व फायर बिग्रेड की व्यवस्था नहीं मिली थी बिंदुओं को दर्ज कर पंचनामा तैयार किया गया है। - दिनेश चौरसिया, तहसीलदार।
गिरवाई थोक आतिशबाजी कारोबार में सुरक्षा व व्यवस्था की जांच के लिए अधिकारियों को भेजा गया था, व्यवस्थाओं में गडबड़ी पर कार्रवाई की जाएगी। - नरेंद्रबाबू यादव, एसडीएम,लश्कर।