बिजली चोरी केस से बचाने के नाम पर रिश्वत लेने वाले AE-JE को 4-4 साल की सजा, 24-24 हजार जुर्माना
शिकायतकर्ता योगेंद्र साहू ने पांच जनवरी 2018 को लोकायुक्त कार्यालय ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई थी।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 09:41:48 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 09:47:15 AM (IST)
HighLights
- 23 हजार रुपये की रिश्वत का मामला
- लोकायुक्त ट्रैप में पकड़े गए थे दोनों
- साक्ष्यों के आधार पर दोषसिद्धि कायम
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बिजली चोरी का प्रकरण न बनाने के एवज में रिश्वत मांगने और लेने के मामले में ग्वालियर की विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) ने बड़ा फैसला सुनाते हुए मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के दो अधिकारियों को दोषी करार दिया है। विशेष न्यायाधीश साबिर अहमद खान ने अपने फैसले में दोनों आरोपियों को चार-चार साल के सश्रम कारावास और 24-24 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।
शिकायतकर्ता ने 5 जनवरी 2018 को लोकायुक्त में शिकायत की
लोकायुक्त अभियोजन के अनुसार, शिकायतकर्ता योगेंद्र साहू ने पांच जनवरी 2018 को लोकायुक्त कार्यालय ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि गेंडे वाली सड़क स्थित न्यू शांति नगर कॉलोनी में उनके मकान (पिता दिलीप साहू के नाम से दर्ज) की तीसरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था, जहां मजदूरों ने गलती से खंभे से सीधे तार डालकर लाइट जला ली थी। निरीक्षण के बाद लक्ष्मीगंज जोन, लश्कर में पदस्थ सहायक यंत्री (एई) रोहित सेंगर और कनिष्ठ यंत्री (जेई) अनूप कुमार पर बिजली चोरी का केस न बनाने व 60-65 हजार रुपये के संभावित बिल से बचाने के बदले 30 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगा। बाद में 23 हजार रुपये पर बात तय हुई।
शिकायतकर्ता के इशारे पर टीम भीतर पहुंची
शिकायत के सत्यापन और वाइस रिकार्डिंग के बाद लोकायुक्त निरीक्षक कवीन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में छह जनवरी 2018 को ट्रैप दल ने लक्ष्मीगंज स्थित विद्युत वितरण केंद्र कार्यालय में दबिश दी। शिकायतकर्ता के इशारे पर टीम भीतर पहुंची।
आरोपियों की निशानदेही पर कक्ष में एई रोहित सेंगर की टेबल के बगल वाली टेबल की ऊपरी दराज से फिनोफ्थलीन पाउडर लगे 23 हजार रुपये (2,000 के 11 नोट और 500 के दो नोट) बरामद किए गए। विचारण के दौरान शिकायतकर्ता के पक्षद्रोही होने के बावजूद न्यायालय ने दस्तावेजी साक्ष्यों, पंचसाक्षियों, ट्रैप कार्यवाही, एफएसएल और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराध प्रमाणित माना।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जांच की प्रक्रियात्मक त्रुटियों का लाभ आरोपियों को नहीं मिल सकता और सरकारी कार्यालय में आरोपियों के नियंत्रण वाले कक्ष में बिना अनुमति रिश्वत की राशि नहीं रखी जा सकती।