प्रेमी के शादी से इंकार करने पर भड़की युवती, कॉलेज की छत से लगाई छलांग; रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट
तहसीलदार ने युवती के बयान लिए हैं। बताया गया है- शाम को युवती और युवक के स्वजन शादी के लिए मान गए।
Publish Date: Tue, 27 Oct 2026 08:20:06 AM (IST)Updated Date: Tue, 27 Oct 2026 08:20:30 AM (IST)
HighLights
- शादी से इनकार करने पर हुआ था विवाद
- कॉलेज की छत से कूदने से आई गंभीर चोट
- शाम को दोनों पक्षों के परिजन शादी के लिए माने
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शिवपुरी लिंक रोड स्थित निजी कॉलेज की छत से 23 वर्षीय युवती ने छलांग लगा दी। प्रेमी से विवाद के बाद युवती ने यह कदम उठाया।
इस मामले के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को अस्पताल पहुंचाया। तहसीलदार ने युवती के बयान लिए हैं। बताया गया है- शाम को युवती और युवक के स्वजन शादी के लिए मान गए।
युवती का कंपू में रहने वाले युवक से थे दोस्ती
थाना प्रभारी झांसी रोड सुरभि शर्मा ने बताया कि माधौगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुदालकर की गोठ में रहने वाली 23 वर्षीय छात्रा की दोस्ती कंपू के रहने वाले युवक से थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक ने शादी से इन्कार कर दिया।
युवक एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिवपुरी लिंक रोड स्थित निजी कॉलेज में गया था। यहां कार्यक्रम खत्म होने के बाद युवती भी आ गई। युवती ने हंगामा किया।
विवाद के बाद युवती कालेज की छत पर चढ़ गई। उसने छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।