कृषि दलों ने 10 दुकानों का किया औचक निरीक्षण, ई-टोकन व्यवस्था का लिया जायजा
रविवार को अभियान के तहत टीमें ग्वालियर शहरी और ग्रामीण अंचल के कई विक्रय केंद्रों पर अचानक पहुंची।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 10:26:14 AM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 10:26:46 AM (IST)
HighLights
- स्टॉक और पीओएस मशीनों का मिलान
- अनियमितता मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
- मुरार, लक्ष्मीगंज और डबरा में ताबड़तोड़ जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जिले के किसानों को राज्य शासन द्वारा लागू की गई ई-टोकन व्यवस्था के तहत पूरी पारदर्शिता और सुगमता संग गुणवत्तायुक्त खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है।
कृषि विभाग के दलों ने रविवार को ग्वालियर जिले की 10 प्रमुख खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों पर उपलब्ध भौतिक स्टाक और पीओएस मशीन के आंकड़ों का बारीकी से मिलान किया गया।
स्टाक में गड़बड़ी मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
कृषि विभाग के उप संचालक भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि विभागीय दलों द्वारा जिले भर में उर्वरक विक्रय केंद्रों की सतत जांच की जा रही है। निरीक्षण के दौरान टीमों ने दुकानों पर पीओएस मशीन में दर्ज डिजिटल स्टाक और गोदामों में मौके पर मौजूद वास्तविक खाद के स्टाक का भौतिक सत्यापन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन खाद विक्रेताओं के स्टाक में अंतर या अनियमितता पाई जाएगी, उनके विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश के प्रविधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मुरार, लक्ष्मीगंज, गुड़ी गुढ़ा का नाका और डबरा में जांच
रविवार को अभियान के तहत टीमें ग्वालियर शहरी और ग्रामीण अंचल के कई विक्रय केंद्रों पर अचानक पहुंची। ग्वालियर शहर में गणेश ट्रेडिंग कंपनी मुरार, न्यू गंभीर खाद भंडार मुरार, माठूलाल हरिशंकर गंज मुरार, शिव फर्टिलाइजर लक्ष्मीगंज, साईं कृषि सेवा केंद्र व शीतला खाद बीज भंडार गुड़ी गुढ़ा का नाका का औचक निरीक्षण किया गया।
ग्रामीण और उप-नगरीय क्षेत्र डबरा में भी कार्रवाई करते हुए कामतानाथ बीज भंडार, मां उर्वरक खाद भंडार और किसान एग्रीटेक संस्था की दुकानों की जांच की गई। इन सभी स्थानों पर ई-टोकन व्यवस्था के पालन और स्टाक की स्थिति की जांच की गई।