कृषि विश्वविद्यालय ने बदली कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया, अब परीक्षा के बाद होगा साक्षात्कार
भर्ती के इस नवाचार से जीवाजी विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के अन्य ऐसे ही शैक्षणिक संस्थान अपने यहां खाली पदों को भर सकते हैं।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 02:08:36 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 02:09:16 PM (IST)
HighLights
- पारदर्शी भर्ती के लिए परीक्षा प्रणाली की शुरुआत
- भोपाल में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई परीक्षा
- सालों से खाली पड़े पदों को भरने की कवायद
अनिल तोमर, नईदुनिया, ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय हो या फिर जीवाजी विश्वविद्यालय, सभी में प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर सहित अन्य कर्मचारियों के पद खाली हैं। इससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। चूंकि विश्वविद्यालय, डीम्ड विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं में साक्षात्कार के आधार पर प्रोफेसर व कर्मचारी नियुक्त करने का नियम है।
यह प्रक्रिया में न केवल भेदभाव, अपने अपने लोगों के नियुक्त करने, राजनीतिक दबाव से नियुक्ति करने को लेकर अक्सर विवाद में आ जाती है। लेकिन कृषि विश्वविद्यालय ने अपने यहां स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए न केवल भर्ती की प्रक्रिया बदली है, बल्कि योग्य शिक्षकों व कर्मचारियों को नियुक्त करने का नया उदाहरण भी पेश किया है। भर्ती के इस नवाचार से जीवाजी विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के अन्य ऐसे ही शैक्षणिक संस्थान अपने यहां खाली पदों को भर सकते हैं।
कृषि विश्वविद्यालय ने क्या किया है नवाचार
राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में 70 प्रतिशत से अधिक शिक्षक व कर्मचारियों के पद खाली हैं। इससे छात्रों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा नहीं मिल पा रही है। चूंकि साक्षात्कार प्रक्रिया में नियुक्ति पर सवाल खड़े होते हैं। इसलिए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने नई प्रक्रिया शुरू की। इसके तहत पहले विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आनलाइन आवेदन मंगवाए। इसके बाद एक आउट सोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से ग्वालियर से दूर भोपाल शहर में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में लिखित परीक्षा आयोजित की। परीक्षा में जो उम्मीदवार पास होंगे, उनका साक्षात्कार लिया जाएगा और इसके बाद नियुक्ति की जाएगी।
इसलिए दूसरे संस्थानों के लिए उदाहरण
कृषि विश्वविद्यालय ने भर्ती के लिए परीक्षा व साक्षात्कार कर दूसरे संस्थानों के लिए इसलिए उदाहरण पेश किया है, क्योंकि विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों के प्रबंधन वर्तमान परिस्थितियों में आने वाले राजनीतिक दबाव, पक्षपात के आरोप सहित अन्य आरोपों की वजह से साक्षात्कार प्रक्रिया से नियुक्ति करने से बचते हैं। लेकिन जिस तरह से कृषि विश्वविद्यालय ने परीक्षा कराकर भर्ती करने का निर्णय लिया है उसे देखकर अन्य संस्थान भी अपने यहां खाली पड़े पदों पर भर्ती कर सकते हैं।
ऐसे समझें
विश्वविद्यालय ने 25 असिस्टेंट प्रोफेसर की जगह निकाली और आवेदन मांगे। 450 आवेदन आए। इसके बाद आउट सोर्स एजेंसी से छह नवंबर को भोपाल में परीक्षा कराई। अब परीक्षा के परिणाम के बाद उत्तीर्ण उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। इसमें जिसका चयन होगा, उसे नियुक्ति मिलेगी।
क्या होगा इस प्रक्रिया में से फायदा
- लिखित परीक्षा व साक्षात्कार में प्रोफेसर जैसे पद के लिए योग्य उम्मीदवार ही आगे आएंगे।
- चूंकि परीक्षा आयोजन सहित दस्तावेजों की वीडियोग्राफी भी हुई है। इसलिए यह प्रक्रिया पारदर्शी हो गई है। इसलिए किसी तरह का विवाद नहीं होगा।
- साथ ही विश्वविद्यालय व उससे संबद्ध महाविद्यालयों के सालों से खाली पद भी भर जाएंगे।
कृषि विश्वविद्यालय में 70 प्रतिशत से अधिक पद खाली हैं। केवल साक्षात्कार के माध्यम से नियुक्ति करने में कई तरह की जटिलताएं आती हैं। इसलिए यहां खाली पदों के लिए शासन के अन्य विभागों की तरह परीक्षा और इसके बाद साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू की है। इससे योग्य उम्मीदवार भी विश्वविद्यालय को मिलेंगे और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी। - प्रो. अरविंद शुक्ला, कुलगुरु, राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय