
नईदुनिया, प्रतिनिधि, ग्वालियर। तिलहन उत्पादन बढ़ाने और किसानों की लागत कम करने की दिशा में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय (आरवीएसकेविवि) ग्वालियर ने सोयाबीन और मूंगफली की दो नई उन्नत किस्में विकसित की हैं।
इनमें सोयाबीन की आरवीएस 124 और मूंगफली की आरवीजीएन-101 किस्में शामिल हैं। ये कम समय में पककर तैयार होने के साथ कई प्रमुख बीमारियों के प्रति प्रतिरोधी और प्रतिकूल मौसम में बेहतर उत्पादन देने में सक्षम हैं। इन किस्मों से ग्वालियर-चंबल, मालवा और प्रदेश के अन्य अंचलों के किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय की ओर से विकसित सोयाबीन की आरवीएस 124 किस्म 85 से 98 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। इसकी औसत उत्पादन क्षमता 1986 किलोग्राम और अधिकतम उपज 2084 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई है।
वर्षा आधारित क्षेत्रों में दोहरी फसल प्रणाली के लिए यह उपयोगी है। इसका पौधा अर्ध-सीधा होता है और फलियां जमीन से लगभग 20 सेंटीमीटर की ऊंचाई पर लगती हैं। इससे हार्वेस्टर से कटाई आसान होती है। मध्यम आकार के बीज होने से बीज दर भी कम रहती है। यह किस्म येलो मोजेक वायरस, चारकोल राट, टीएलएस और आरएबी जैसी बीमारियों के प्रति प्रतिरोधी है।
कृषि महाविद्यालय ग्वालियर के वैज्ञानिकों ने मूंगफली की आरवीजीएन-101 किस्म विकसित की है। यह 104 से 107 दिनों में पककर तैयार होती है। वैज्ञानिकों के अनुसार, इसकी विशेष प्रकाश संश्लेषण क्षमता इसे सूखे की स्थिति में भी उत्पादन बनाए रखने में मदद करती है। इसकी अधिकतम बीज उपज 31.36 क्विंटल प्रति हेक्टेयर दर्ज की गई है।
इसमें 49 प्रतिशत तेल और 30 प्रतिशत प्रोटीन की मात्रा है। इसके अलावा 100 दानों का वजन 36 ग्राम है। यह किस्म गेरुई, तना सड़न, कालर राट, सूखी जड़ सड़न, अल्टरनेरिया लीफ ब्लाइट और पीबीएनडी जैसी बीमारियों के प्रति मध्यम सहनशील है।
विश्वविद्यालय ने तिलहन उत्पादकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोयाबीन और मूंगफली की नई किस्में विकसित कर जारी की हैं। ये किस्में कम अवधि में तैयार होने के साथ सूखा और कई रोगों के प्रति सहनशील हैं। इनसे प्रदेश के किसानों, विशेषकर ग्वालियर, मालवा और विंध्य अंचल के किसानों को लाभ मिलेगा।
-डॉ. आरए कौशिक, डायरेक्टर रिसर्च, आरवीएसके विवि, ग्वालियर।