शीतला माता मंदिर हादसा: घायलों की चीख-पुकार के बीच सिंधिया के लिए बिछाया गया ग्रीन कार्पेट, विवाद बढ़ते ही अस्पताल प्रबंधन ने समेटा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के घायलों से मिलने आने की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर में साफ-सफाई शुरू हो गई। इतना ही नहीं, उनके स्वागत के लिए ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 18 Oct 2026 03:50:42 PM (IST)Updated Date: Sun, 18 Oct 2026 04:49:53 PM (IST)
ट्रॉमा सेंटर के गेट से लेकर अंदर तक बिछी ग्रीन मैट। वीडियोग्रेबHighLights
- ट्रॉमा सेंटर में वीआईपी तैयारियां
- ऊपर के आदेश पर बिछा कार्पेट
- विवाद बढ़ा तो हटाया ग्रीन मैट
डिजिटल टीम। ट्रॉमा सेंटर में सुबह से घायलों और उनके स्वजन की चीख-पुकार मची थी। हादसे में घायल लोगों के उपचार और देखरेख के बीच जयारोग्य अस्पताल प्रबंधन की तैयारियों ने एक अलग ही तस्वीर पेश की। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के घायलों से मिलने आने की सूचना मिलते ही ट्रॉमा सेंटर में साफ-सफाई शुरू हो गई। इतना ही नहीं, उनके स्वागत के लिए परिसर में ग्रीन कार्पेट भी बिछा दिया गया।
ग्रीन मैट बिछाते कर्मचारियों को देखकर वहां मौजूद लोग रह गए हैरान
नईदुनिया के फोटो जर्नलिस्ट राकेश वर्मा के अनुसार, ट्रॉमा सेंटर के बाहर ग्रीन मैट बिछाते कर्मचारियों को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। जब एक कर्मचारी से इसकी वजह पूछी गई तो उसने कथित तौर पर कहा, "आप सब जानते तो हैं... सिंधिया जी आने वाले हैं। हम तो कर्मचारी हैं, ऊपर वालों का आदेश मानना पड़ेगा।"
कार्पेट हटाने के बाद गड्ढों को भरने के लिए सीमेंट बजरी बिछाई गई। नईदुनिया
चर्चा शुरू होते ही समेटा कार्पेट
ट्रॉमा सेंटर में ग्रीन कार्पेट बिछाए जाने की बात कुछ ही देर में परिसर में फैल गई। इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन तक पहुंची तो कार्पेट को एक तरफ समेट दिया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने सफाई देते हुए कहा कि कार्पेट गड्ढों को ढंकने के लिए बिछाया जा रहा था। फिर गड्ढों पर सीमेंट का लेप लगाने का काम शुरू कर दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच ट्रॉमा सेंटर में साफ-सफाई का सिलसिला जारी रहा। हादसे में घायल लोगों के उपचार के लिए बने परिसर में वीआइपी दौरे की तैयारी को लेकर उठे इस घटनाक्रम ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। सिंधिया अभी-अभी घायलों से मिलने ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए हैं।