ग्वालियर आएंगे अमित शाह: 29 अक्टूबर को टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन का करेंगे भूमिपूजन; 5500 करोड़ का निवेश और 18 हजार रोजगार का दावा
ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी (साडा) में प्रस्तावित यह परियोजना टेलीकॉम उपकरण और कंपोनेंट निर्माण से जुड़ी इकाइयों के औद्योग...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 06 Oct 2026 07:53:36 PM (IST)Updated Date: Tue, 06 Oct 2026 07:54:21 PM (IST)
HighLights
- सिंधिया के न्योते पर मिली गृह मंत्री की सहमति
- 24 कंपनियों ने शुरू की आवेदन प्रक्रिया
- 350 एकड़ में बनेगा प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक क्लस्टर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन (टीएमजेड) के भूमिपूजन समारोह में शामिल होने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 अक्टूबर को आएंगे। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उन्हें समारोह के लिए आमंत्रित किया था, जिसे अमित शाह ने स्वीकार कर लिया है। ग्वालियर के श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी (साडा) में प्रस्तावित यह परियोजना टेलीकॉम उपकरण और कंपोनेंट निर्माण से जुड़ी इकाइयों के औद्योगिक समूह के रूप में विकसित की जा रही है।
परियोजना को लेकर जुलाई में केंद्रीय दूरसंचार विभाग और मध्यप्रदेश सरकार के बीच समझौता हुआ था। इसके बाद दिल्ली और मुंबई में निवेशक बैठकें आयोजित की गईं। केंद्र सरकार के अनुसार इन बैठकों में अब तक करीब 5500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं और इससे 18 हजार से अधिक रोजगार के अवसर बनने की संभावना है।
24 कंपनियों ने शुरू की आवेदन प्रक्रिया
सितंबर में परियोजना स्थल के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया था कि करीब 24 कंपनियों ने टीएमजेड में इकाई लगाने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।
परियोजना को केवल अलग-अलग कारखाने स्थापित करने के बजाय टेलीकाम क्षेत्र का पूरा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की योजना के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसमें टेलीकाम उपकरण और विभिन्न कंपोनेंट के निर्माण के साथ अनुसंधान, परीक्षण और नवाचार से जुड़ी गतिविधियों को भी जोड़ा जाना है।
पहले चरण के लिए साडा और ग्वालियर आइटी पार्क में करीब 170 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है। निवेशकों की रुचि उपलब्ध जमीन से अधिक होने के कारण आगे विस्तार के लिए अतिरिक्त जमीन की व्यवस्था किए जाने की बात भी सामने आई है।
दिल्ली-मुंबई में 5500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
टीएमजेड के लिए जुलाई में दिल्ली में आयोजित निवेशक बैठक में करीब 3500 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 14 हजार रोजगार के अवसरों की प्रतिबद्धता सामने आई थी। इसके बाद चार अगस्त को मुंबई में हुई बैठक में करीब दो हजार करोड़ रुपये के निवेश और लगभग चार हजार रोजगार के अवसरों से जुड़े प्रस्ताव मिले। इस तरह दोनों बैठकों से कुल प्रस्तावित निवेश 5500 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
350 एकड़ के प्लग-एंड-प्ले क्लस्टर की योजना
- केंद्रीय दूरसंचार विभाग और मध्यप्रदेश सरकार के बीच हुए समझौते के अनुसार टीएमजेड को एकीकृत 350 एकड़ के प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक क्लस्टर के रूप में विकसित करने की योजना है।
- इसमें टेलीकाम और इलेक्ट्रानिक्स विनिर्माण के साथ अनुसंधान एवं विकास, नवाचार तथा साझा बुनियादी सुविधाओं का प्रविधान किया जाना है।
- परियोजना के पहले चरण के बुनियादी ढांचे के लिए केंद्र सरकार की ओर से 493 करोड़ रुपये के सहयोग का भी उल्लेख किया गया है।
- टीएमजेड के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज में भूमि पट्टे, बिजली, रोजगार और उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहन शामिल किए गए हैं।
- साझा परीक्षण सुविधा विकसित करने की भी योजना है।
- इसका उद्देश्य देश में दूरसंचार उपकरणों और उनके कंपोनेंट के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना है।