लाड़ली बहना योजना के नाम पर ग्वालियर में 80 वर्षीय वृद्धा से ठगी, गहने और नकदी लेकर महिला ठग फरार
झांसी रोड थाना पुलिस ने पीड़ित वृद्धा की शिकायत पर मामला दर्ज कर संदेही युवती की तलाश शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 06:05:12 PM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 06:06:37 PM (IST)
HighLights
- झांसा देकर महिला ठग ने वृद्धा को ठगा
- दिनभर घुमाया, भीड़ का डर दिखाकर ऐंठे जेवर
- पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में लाड़ली बहना योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर एक शातिर महिला ठग द्वारा 80 वर्षीय वृद्धा को ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वृद्धा से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और महत्वपूर्ण लेकर महिला ठग फरार हो गई। महिला ठग वृद्धा को दिनभर शहर के अलग-अलग इलाकों में ऑटो से घुमाती रही और बाद में भीड़ का डर दिखाकर जेवर थैले में रखवाने के बहाने सब कुछ लेकर चंपत हो गई।
झांसी रोड थाना पुलिस ने पीड़ित वृद्धा की शिकायत पर मामला दर्ज कर संदेही युवती की तलाश शुरू कर दी है।
ठगी की शिकार वृद्धा की कॉस्टमेटिक की है दुकान
नाका चंद्रवदनी स्थित गली नंबर-1 में रहने वालीं विद्या बाई कुशवाह (80) अपने घर में ही कॉस्मेटिक की दुकान चलाती हैं।
घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे जब वह दुकान पर अकेली थीं, तभी गुलाबी रंग का सलवार-सूट पहने एक युवती युवती नेल पालिश खरीदने के लिए उनकी दुकान पर आई।
उसने वृद्धा से कहा- अम्मा लाड़ली बहना योजना का पैसा मिलता है या नहीं। वृद्धा ने मना किया तो वह बोली- अभी आवेदन हो रहे हैं, वह तुरंत आवेदन करा देगी। वृद्धा उसकी बातों में आ गई। इसके बाद उसके साथ चली गई।
युवती वृद्धा को सबसे पहले ले गई महाराज बाड़ा
युवती वृद्धा को सबसे पहले महाराज बाड़ा ले गई। फिर बहोड़ापुर और इसके बाद पुरानी छावनी तक ले गई। जब वृद्धा को असहज लगा तो वापस छोड़ने के लिए कहा। वह ऑटो वापस महाराज बाड़ा पहुंची और सागर होटल वाली गली में छोड़ दिया। यहां उससे कहा कि आगे भीड़ बहुत ज्यादा है। कोई गहने उतार लेगा। यह सुनकर वृद्धा ने गहने उतारे। युवती ने एक बैग दिया। इसमें युवती ने गहने रखे और दूसरा कपड़ा थमाकर चली गई।
... और गहने हो गए गायब
जब यह कपड़ा खोलकर देखा तो गहने गायब थे। गहने के साथ 200 रुपये और कुछ दस्तावेज भी थे। वृद्धा किसी तरह अपने घर पहुंची। फिर स्वजनों को घटना बताई। इसके बाद यह लोग थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई।