आठवीं की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, कोचिंग से लौट रही पीड़िता को स्कूटी पर अगवा कर ले गए आरोपी
घटना शनिवार, 14 नवंबर की दोपहर करीब 1:45 बजे की है। दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस जुटी है।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 01:18:34 PM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 01:19:11 PM (IST)
HighLights
- खाली तलघर में ले जाकर की दरिंदगी
- मां के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार
- अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज
डिजिटल टीम, ग्वालियर। ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना 14 नवंबर की दोपहर करीब 1:45 बजे की है।
जबरन स्कूटी पर बैठाकर ले गए
आरोप है कि कोचिंग से घर लौट रही कक्षा आठवीं की छात्रा को इमरान और आर्यन नाम के दो युवक जबरन स्कूटी पर बैठाकर दरगाह के पास स्थित एक खाली तलघर में ले गए। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
शोर मचाने पर पीटा
छात्रा के विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और किसी को घटना बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। कुछ देर बाद मां के पहुंचने की भनक लगते ही दोनों छात्रा को सड़क पर छोड़कर भाग गए।
मां को बताई आपबीती, केस दर्ज
देर शाम तलाश के दौरान मां को छात्रा मिली। उसने पूरी घटना बताई। इसके बाद मां और चाचा उसे थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार के मुताबिक, दोनों आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।