ग्वालियर में एएसपी की गाड़ी ने तोड़ा प्रोटोकॉल, सीएम के काफिले को ओवरटेक करने की कोशिश का पहला मामला
इस गंभीर लापरवाही पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने कड़ा ऐतराज जताया है।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 02:12:32 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 02:12:53 PM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर में आयोजित पशु मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में गाय को गुड़ खिलाया (फाइल फोटो)।HighLights
- पुलिस इतिहास में पहली बार हुई ऐसी चूक
- एयरपोर्ट जल्दी पहुंचने के चक्कर में लापरवाही
- सीएम सुरक्षा दस्ते की आपत्ति पर चालक तलब
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शुक्रवार को हुए ग्वालियर प्रवास के दौरान वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। मुख्यमंत्री के एयरपोर्ट रवाना होते समय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुमन गुर्जर के सरकारी वाहन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए सीधे सीएम के काफिले को ही ओवरटेक करने का प्रयास किया।
पुलिस इतिहास में पहला मामला
शहर के पुलिस इतिहास में यह पहला मामला माना जा रहा है जब किसी स्थानीय पुलिस अधिकारी के वाहन ने मुख्यमंत्री के काफिले से आगे निकलने की कोशिश की हो। इस गंभीर लापरवाही पर मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने कड़ा ऐतराज जताया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने संबंधित वाहन ड्राइवर को तलब कर कड़ी फटकार लगाई।
जल्दबाजी में अनदेखे किए सुरक्षा नियम
शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ग्वालियर दौरे पर आए थे। कुलैथ में आयोजित पशु मेले से लौटने के बाद वे भिंड रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब सीएम का काफिला एयरपोर्ट के लिए निकला, उसी समय एएसपी सुमन गुर्जर की गाड़ी वहां से गुजरी। बताया जा रहा है कि एएसपी को एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री को रिसीव करना था। समय पर एयरपोर्ट पहुंचने की जल्दबाजी में चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और सुरक्षा घेरे के नियमों को तोड़ते हुए सीएम के काफिले के बगल से गाड़ी आगे निकालने की कोशिश की।
सुरक्षा दस्ते ने जताई नाराजगी
वीआईपी मूवमेंट के तय; प्रोटोकॉल के अनुसार, मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरते समय किसी भी अन्य वाहन-भले ही वह वरिष्ठ पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी का हो, काफिले से आगे निकलने या समानांतर चलने की इजाजत नहीं होती। अचानक काफिले के पास से तेज रफ्तार गाड़ी निकलने की कोशिश को सीएम सुरक्षा में लगे अफसरों ने बेहद गंभीरता से लिया और इसे सीधा प्रोटोकॉल उल्लंघन बताते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन के समक्ष मौखिक आपत्ति दर्ज कराई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर की गाड़ी के चालक ने काफिले से आगे निकलने का प्रयास किया था। नियमानुसार गति कम कर ड्राइवर को गाड़ी काफिले के पीछे रखनी चाहिए थी। इस संबंध में मुख्यमंत्री की सुरक्षा के अफसरों ने मौखिक आपत्ति ली है, जिस पर ड्राइवर को सख्त समझाइश दी गई है। अगर वरिष्ठ स्तर से रिपोर्ट मांगी जाएगी तो जांच कराकर रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी। - श्रुतकीर्ति सोमवंशी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक, ग्वालियर