
ग्वालियर, नईदुनिया प्रतिनिधि। दाल बाजार से स्टेशन आए सौरभ जैन का बैग 24 सितंबर को ऑटो में छूट गया था। बैग में 1 लाख 20 हजार रुपए व 2 मोबाइल थे। नोटो से भरे बैग को लौटने वाले ऑटो चालक ब्रिजेंद्र सिंह व इस मामले तत्परता से पड़ताल करने वाली सीसीटीवी कंट्रोल रूम की टीम व पड़ाव थाने के आरक्षक को एसपी अमित सांघी ने शनिवार को ऑफिस बुलाकर पुरुस्कृत किया।
दाल बाजार निवासी सौरभ जैन ने 24 सितंबर को पड़ाव थाना पुलिस को सूचना दी कि वह दालबाजार से स्टेशन ऑटो से आया था। जल्दबादी में वह बैग को ऑटो में छोड़कर प्लेटफार्म पर चला गया। स्टेशन के अंदर जाने के बाद उसे बैग की याद आई। स्टेशन से बाहर निकालकर देखा कि ऑटो गायब था। पड़ाव थाने में पदस्थ आरक्षक अमर भूषण सिंह राजावत ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज से ऑटो की पहचान करने के लिए फरियादी को कंट्रोल रूम लेकर आया। कंट्रोल रूम के प्रभारी निरीक्षक अजय श्रीवास्तव व उनकी टीम में शामिल आरक्षक रामकिशोर यादव व आशीष अटल ने दालबाजार से लेकर स्टेशन तक लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का रोड मैप बनाकर चेक किया। दालबाजार तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में ऑटो नजर आ गया।
ऑटो का नंबर भी ट्रेस हो गया। ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर से उसके मालिक ब्रिजेंद्र सिंह पुत्र हेम सिंह निवासी कृष्णा कालोनी गुढ़ा माधवगंज का पता चला। पुलिस के ब्रिजेंद्र सिंह से संपर्क करने पर उसने बताया कि वह स्वयं ही ऑटो चलाता है। सीएनजी भराने के लिए स्टेशन जाने पर ऑटो में रखा बैग मिला था। वह उसे लौटाने के लिए पुलिस स्टेशन ही आ रहा था। चालक ऑटो सहित बैग लेकर पड़ाव थाने पहुंच गया। उसने बैग सौरभ जैन को लौटा दिया। एसपी अमित सांघी के संज्ञान में यह मामला आने पर चालक व स्टाफ को प्रशंसा पत्र के साथ पुरुस्कृत किया है।