शताब्दी एक्सप्रेस में ईमानदारी की मिसाल: ट्रेन में छूटा बैग, TTE ने यात्री को सुरक्षित लौटाए 4500 डॉलर, सोना और पासपोर्ट
मर्चेंट नेवी में कार्यरत पंकज सिंह राणा यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद टीटीई से संपर्क होने पर उन्हें सामान सुरक्षित होने...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 20 Oct 2026 06:25:13 PM (IST)Updated Date: Tue, 20 Oct 2026 06:25:37 PM (IST)
यात्री को सामान लौटाते टीटीई नीरज त्रिपाठी। नईदुनियाHighLights
- ग्वालियर स्टेशन पर उतरते समय छूट गया था बैग
- हेल्पलाइन 139 पर शिकायत के बाद टीटीई ने की मदद
- झांसी स्टेशन पहुंचकर यात्री को सौंपा गया सामान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शताब्दी एक्सप्रेस में छूटे यात्री के बैग को सुरक्षित लौटाकर टीटीई नीरज त्रिपाठी ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। बैग में 4500 अमेरिकी डॉलर, 15 ग्राम सोना, करीब 25 हजार रुपये की घड़ी, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे।
यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन पर की थी शिकायत
यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद टीटीई से संपर्क होने पर उन्हें सामान सुरक्षित होने की जानकारी मिली। ग्वालियर निवासी और मर्चेंट नेवी में कार्यरत पंकज सिंह राणा ट्रेन संख्या 12002 शताब्दी एक्सप्रेस के कोच सी-10 में सीट नंबर 13-14 पर यात्रा कर रहे थे। ग्वालियर स्टेशन पर उतरने के दौरान उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया। कुछ देर बाद इसका पता चलने पर उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत दर्ज कराई।
टीटीई ने बैग को सुरक्षित रख यात्री को दी सूचना
ट्रेन में तैनात टीटीई नीरज त्रिपाठी ने बैग को सुरक्षित रखा और यात्री को इसकी सूचना दी। इसके बाद पंकज सिंह राणा झांसी स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें बैग सौंप दिया गया। बैग में रखा पूरा सामान सुरक्षित मिलने पर यात्री ने राहत की सांस ली। बैग में 800 रुपये नकद, विभिन्न देशों की मुद्रा, दो पर्स, चार्जर और कंटीन्यूअस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट (सीडीसी) सहित अन्य जरूरी सामान भी था।