
टीम ग्वालियर। ग्वालियर चंबल इलाके में एससी-एसटी एक्ट के विरोध में गुस्र्वार का भारत बंद मुकम्मल रहा। सुबह से ही स्कूल, पेट्रोल पंप, बाजार सभी मुकम्मल बंद रहे। दुकानदारों और कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान-दुकानें नहीं खोले और जो कुछ बाजार व छोटी दुकानें खुलीं भीं,उन्हें सर्वण समाज के लोगों ने अपील कर बंद कराया। अंचल के आठ जिले में छुटपुट वारदातों को छोड़कर कहीं भी अधिक अप्रिय घटना नहीं हुई।
ग्वालियर में मंत्रियों के बंगलों पर बंद समर्थकों ने धिक्कार पत्र चिपाकर हंगामा किया। छतरपुर में भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने आए प्रदेश के वित्त मंत्री जयंत मलैया को सवर्ण समाज द्वारा काले झंडे दिखाए गए।
वहीं मुरैना के दिमनी में रैली निकालने को लेकर पुलिस से झड़प हुई, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया। भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह के बेटे पुष्पेंद्र सिंह द्वारा रैल्ाी निकालने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिसे एक घंटे बाद छोड़ दिया गया। टीकमगढ़ में बंद समर्थकों ने कलेक्टोरेट का घेराव किया। शिवपुरी के पोहरी में भाजपा और सीएम विरोधी नारे लगे, वहीं शिवपुरी के लुकवासा में बंद समर्थकों ने एक वर्ग विशेष के घरों पर पथराव किया हालांकि पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया।
पिछले 2 अप्रैल में एससीएसटी आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के बाद बंद को लेकर पूरे देश की नजरें ग्वालियर चंबल अंचल पर थीं इसलिए प्रशासन अतिरिक्त सतर्क नजर आया। सुबह से अधिकतर बाजार बंद थे लेकिन दोपहर होते होते जिलों में सपाक्स और सर्वणों के विभिन्न् संगठनों ने सड़कों पर मोर्चा संभाल लिया।
धारा 144 लगे होने के बावजूद बड़े समूहों में विरोध प्रदर्शन देखा गया। ग्वालियर में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर,प्रदेश की मंत्री माया सिंह,राज्य सभा सांसद प्रभात झा, कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिधिंया और मंत्री यशोधराराजे सिंधिया के निवास सहित कांग्रेस कार्यालय के बाहर सपाक्स के कार्यकर्ताओं ने धिक्कार पत्र चस्पा कर दिए।
राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के बंगले के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने दो प्रदर्शनकारी प्रभात सिंह और छोटू भदौरिया को हिरासत में लेकर गोला का मंदिर थाने भिजवा दिया। इस बात पर सर्वण संगठनों के पदाधिकारी मौके पर ही धरने पर बैठ गए। सीएसपी सहित सैकड़ों का फोर्स मौके पर पहुंचा और हिरासत में लिए लोगों को छोड़ने के बाद ही धरना खत्म किया। वहीं शहरभर में कुछ मार्गाें पर सपाक्स के लोगों ने वाहन रैली भी निकाली। करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष ऋषभ भदौरिया को थाटीपुर स्थित निवास में पुलिस ने दिनभर नजरबंद रखा।