ग्वालियर के हुरावली में पेट्रोल पंप पर बाइक सवारों की फायरिंग, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू
वारदात का वीडियो शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 02:50:24 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 02:51:11 PM (IST)
वायरल वीडियो से लिये गई इमेज।HighLights
- शुक्रवार देर रात हुई वारदात का वीडियो वायरल
- पंप संचालक ने नहीं कराई कोई पुलिस शिकायत
- सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
डिजिटल टीम, ग्वालियर। शहर के हुरावली इलाके में शुक्रवार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर पहुंचकर खुलेआम फायरिंग कर दी। वारदात का वीडियो शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
वीडियो में बाइक सवार युवक पेट्रोल पंप पर गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं। हालांकि, घटना को लेकर पेट्रोल पंप संचालक की ओर से अब तक पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की सत्यता और घटनास्थल की पुष्टि करने में जुटी है। साथ ही पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।