
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच किताबों से दूर होती नई पीढ़ी को बुक फेयर ने एक बार फिर पढ़ने की ओर आकर्षित किया। महाराज बाड़ा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी में शनिवार से शुरू हुए बुक फेयर में बच्चों से लेकर युवाओं और अभिभावकों तक की रुचि नजर आई। बच्चे जहां कहानी और ज्ञानवर्धक किताबें पसंद करते दिखे, वहीं युवाओं ने साहित्य के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं और अलग-अलग विषयों की किताबें तलाशीं।
.jpg)
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, शिक्षा मंत्रालय, केंद्र सरकार की ओर से आयोजित यह बुक फेयर 22 से 30 अगस्त तक चलेगा। यहां अलग-अलग उम्र और रुचि के पाठकों के लिए किताबों का कलेक्शन उपलब्ध कराया गया है। खास बात यह है कि किताबों की कीमतें किफायती रखी गई हैं, जिससे विद्यार्थी और आम पाठक अपनी पसंद की किताबें आसानी से खरीद सकते हैं।
बुक फेयर में बच्चों के लिए कई रोचक और ज्ञानवर्धक किताबें आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बच्चों की नजरें अप्पू की कहानी, जंगल में मंगल, चूहा सात पूंछों वाला, पक्की दोस्ती, अभिमान की हार और भूतू जैसी किताबों पर टिकी रहीं।
वहीं युवाओं के लिए सामान्य ज्ञान, अलग-अलग विषयों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी किताबों का कलेक्शन भी मौजूद है। यही वजह है कि बुक फेयर में बच्चों के साथ युवा और अभिभावक भी पहुंच रहे हैं।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बुक फेयर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि किताबों से अच्छा कोई दोस्त नहीं हो सकता। इंटरनेट मीडिया के दौर में भी किताब से पढ़ी गई बातें लंबे समय तक याद रहती हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से अच्छी किताबें पढ़ने की आदत विकसित करने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि पढ़ने की आदत सिर्फ ज्ञान नहीं बढ़ाती, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व और सोच को विकसित करने में भी मदद करती है।
कलेक्टर ने कहा कि सेंट्रल लाइब्रेरी में पहले से ही शहर के कई विद्यार्थी नियमित रूप से पढ़ने आते हैं। बुक फेयर का फायदा ज्यादा से ज्यादा विद्यार्थियों तक पहुंचे, इसके लिए शहर के स्कूलों के छात्र-छात्राओं को भी यहां विजिट कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से किताबें देखने और चुनने का मौका मिलेगा।
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के विक्रम सिंह राणा ने बताया कि न्यास की ओर से मध्यप्रदेश सहित देश के अलग-अलग शहरों में बुक फेयर आयोजित किए जाते हैं। इसका उद्देश्य प्रमुख साहित्यकारों और अलग-अलग विषयों की उपयोगी किताबों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि बुक फेयर में अच्छा साहित्य किफायती कीमत पर उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि आम पाठक भी अपनी पसंद की किताब खरीद सकें।
ग्रंथपाल राकेश शर्मा ने बताया कि सेंट्रल लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में युवा यहां पढ़ने आते हैं।
बुक फेयर उनके लिए पढ़ाई और तैयारी से जुड़ी उपयोगी किताबें चुनने का अच्छा मौका है। शुभारंभ कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी आरके त्रिवेदी सहित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। बुक फेयर के शुभारंभ के बाद कलेक्टर ने वहां रखी किताबों का अवलोकन भी किया।
मैं पीएचडी कर रहा हूं, इसलिए प्रदर्शनी में अपने शोध विषय से संबंधित पुस्तकें तलाशने आया था। यहां विषय से जुड़ी उपयोगी किताबें मिलीं, जिनमें से कुछ खरीदी हैं। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी उपयोगी पुस्तकें पसंद आईं, जिन्हें साथ ले जा रहा हूं। ऐसी प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए काफी उपयोगी हैं।
-प्रद्युम्न गर्ग, विद्यार्थी
मैंने एग्जाम वारियर्स और जलियांवाला बाग हत्याकांड से संबंधित पुस्तक खरीदी है। प्रदर्शनी में बच्चों से लेकर युवाओं तक सभी के लिए अलग-अलग विषयों की ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध हैं। किताबों की विविधता देखकर अच्छा लगा और अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें चुनने का अवसर मिला।
-अभिषेक कुशवाह, विद्यार्थी
प्रदर्शनी में अलग-अलग विषयों की पुस्तकें देखने को मिल रही हैं। यहां आकर अपनी रुचि और जरूरत के अनुसार किताबें चुनने का मौका मिला। मोबाइल और इंटरनेट के दौर में भी किताबों से मिलने वाला ज्ञान और पढ़ने का अनुभव अलग होता है।
- अरनान, विद्यार्थी।