ग्वालियर सराफा में चोरी करने वाली 'भाई-बहन गैंग' गिरफ्तार, गहने खरीदने के बहाने उड़ाते थे सोना
ग्वालियर क्राइम समाचार: गैंग से अभी और पूछताछ चल रही है। पुलिस ने तीन महिलाओं और इनके भाई को गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 09:10:58 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 09:11:30 PM (IST)
चोर अंकित, रेखा, रानी और हेमा के फाइल फोटो।HighLights
- CCTV फुटेज से पकड़े गए आरोपी
- सराफा बाजार की दो चोरियों का पर्दाफाश
- MP पुलिस के पोर्टल पर साझा किए फोटो
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। लश्कर स्थित सराफा बाजार की दुकान में से सोने का टॉप्स चोरी करने वाली गैंग पकड़ी है। इस गैंग में भाई-बहन शामिल हैं। यह पहले भी इस तरह से चोरी कर चुके हैं। इनके पास से सोने के सुई-धागे, सोने की चेन और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक पुलिस ने बरामद कर ली है। इनसे अभी और पूछताछ चल रही है। पुलिस ने तीन महिलाओं और इनके भाई को गिरफ्तार किया है।
सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे तब चला पता
27 सितंबर को सराफा बाजार स्थित दिव्यांश ज्वेलर्स पर दो महिलाएं सुई-धागा टॉप्स खरीदने के बहाने आई थीं। इनके पास एक बच्चा भी था। इसी दौरान तीन ग्राम सोने का टॉप्स चोरी कर ले गई। जब कारोबारी ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज देखे, तब चोरी का राजफाश हुआ। यह महिलाएं चोरी करती हुई नजर आई। इसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू की। पहचान होते ही पुलिस ने पुरानी छावनी इलाके में दबिश दी। पुरानी छावनी इलाके में रेखा धानुक को पुलिस ने पकड़ लिया।
कड़ी पूछताछ में चोरी बात कबूली
कड़ी पूछताछ में उसने अपनी बहन हेमा धानुक और भाई अंकित धानुक के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल की। आरोपी अंकित अपनी बहनों को बाइक से दुकान तक लाने-ले जाने और रैकी करने का काम करता था। पुलिस ने रेखा की निशानदेही पर सुई-धागे और अंकित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक जब्त कर ली। इसके बाद पुलिस ने दूसरी बहन हेमा को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी चोरी का भी खुलासा
पकड़े गए आरोपियों से जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपनी तीसरी बहन रानी धानुक के साथ मिलकर इसी साल नौ जनवरी को सराफा बाजार स्थित प्रभुदयाल प्रेमचंद्र सर्राफ ज्वैलर्स की दुकान से भी सोने की एक चेन चोरी करने की बात स्वीकार की। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने चौथी आरोपित रानी धानुक को कृष्णा पहाड़ी (मोतीझील) से गिरफ्तार कर उसके घर से चोरी की गई सोने की चेन बरामद कर ली।
दूसरे शहरों में भी वारदात
पूछताछ में सामने आया है कि इन लोगों ने दूसरे शहरों में भी वारदात की हैं। इसलिए इन चारों के फोटो मप्र पुलिस के पोर्टल पर साझा किए गए हैं। इस संबंध में एसएसपी धर्मवीर सिंह का कहना है कि गहनों की दुकान से चोरी करने वाली गैंग पकड़ी है। इसमें तीन महिलाएं और इनका एक भाई शामिल है। दो चोरियों का खुलासा हुआ है।