खराब सड़कों से बीएसएफ अकादमी भी परेशान, सुधार के लिए टेकनपुर कमांडेंट ने ग्वालियर कलेक्टर को लिखा पत्र
बीएसएफ अधिकारियों ने पत्र में लिखा है कि वर्षा और समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क खराब हो गई है, उन्होंने इसे जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
Publish Date: Tue, 13 Oct 2026 10:42:48 PM (IST)Updated Date: Tue, 13 Oct 2026 10:43:19 PM (IST)
बीएसएफ अकादमी टेकनपुर का फाइल फोटो।HighLights
- सड़कों के गड्ढों से हादसे
- कलेक्टर से की सुधार की मांग
- एनएच 46 जोड़ने वाला मार्ग जर्जर
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। खराब सड़कों से हर रोज शहर के आम लोग ही नहीं बल्कि सीमाओं की सुरक्षा करने वाली देश की इकलौती बीएसएफ अकादमी भी परेशान है। टेकनपुर स्थित बीएसएफ अकादमी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर खराब सड़कों में सुधार करवाने का आग्रह किया है।
बीएसएफ अधिकारियों ने पत्र में लिखा है कि वर्षा और समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क खराब हो गई है, उन्होंने इसे जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।
जगह-जगह गड्ढों से आए दिन होती हैं दुर्घटनाएं
बीएसएफ कमांडेंट ने पत्र में लिखा है कि सीमा सुरक्षा बल अकादमी, सीमा सुरक्षा बल का ट्रेनिंग सेंटर लगभग 3000 एकड़ के क्षेत्रफल में फैला है। इस अकादमी के अधीन 20 यूनिटें आती हैं। यहां प्रतिदिन अंतर सीमांत प्रतियोगिताओं का संचालन, अति विशिष्ट व्याक्तियों एवं उच्च अधिकारियों का आवागमन होता रहता है।
अकादमी परिसर के मध्य से गुजरने वाली सड़क जोकि, टेकनपुर से मकोड़ा को जोड़ते हुए एनएच 46 से मिलती है, पर ट्रैफिक का आवागमन बहुत अधिक होता है। वर्तमान में भारी वर्षा एवं समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क की स्थिति बहुत खराब हो चुकी है।
सड़क में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। वाहनों के आवागमन में भी समस्या होती है। जिसको समय रहते मरम्मत कराना अति आवश्यक है।